Road Accident in Agra: आगरा में तेज रफ्तार जीप ने चाचा- भतीजे काे रौंदा, चाचा की मौत
Road Accident in Agra सिकंदरा आवास विकास कालोनी सेक्टर 12 पानी की टंकी मंदिर मोड की घटना। दुर्घटना में घायल भतीजे की हालत गंभीर जीप को पकड़ा। सेक्टर 12 पानी की टंकी का मोड़ जानलेवा साबित होता जा रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा आवास विकास कालोनी के सेक्टर 12 मोड़ पर शुक्रवार की आधी रात को तेज रफ्तार जीप ने बाइक सवार चाचा- भतीजे को रौंद दिया। दुर्घटना में घायल चाचा की शनिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि भतीजे की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिकंदरा के पश्चिमपुरी स्थित बांके बिहारी निवासी अमित मंगल (50 वर्ष) एक जनरेटर फैक्ट्री में काम करते थे। वह शुक्रवार की रात को नेहरू नगर में रिश्तेदार के यहां आयोजित समाराेह में पत्नी रेखा, बेटे अमन और भतीजे अर्णव (11 वर्ष) के साथ लौट रहे थे। अमित भतीजे अर्णव के साथ बाइक पर थे। पत्नी और बेटा एक्टिवा पर थे। सेक्टर 12 पानी की टंकी मोड़ पर सामने से आती तेज रफ्तार जीप ने अमित और अर्णव की बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं जीप के एयर सेफ्टी बैग तक खुल गए। उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चाचा- भतीजा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। जीप को अपने कब्जे में ले लिया। वहां शनिवार की सुबह चाचा अमित मंगल की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल अर्णव के पिता प्रतीक का आरोप है कि जीप चालक नशे की हालत में था। पुलिस के अनुसार गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
जानलेवा होता जा रहा है टंकी मोड़
सेक्टर 12 पानी की टंकी का मोड़ जानलेवा साबित होता जा रहा है। दरअसल मोड़ के आसपास लोगों ने अतिक्रमण करके फड़ और दुकानें लगा ली हैं। दुकानों के बाहर वाहन खड़े रहते हैं। इससे वहां से निकलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसके अलावा चौराहे पर कोई ट्रैफिक सिग्नल नहीं होने से भी वाहन रुकने की जगह तेज रफ्तार से निकलते रहते हैं। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है।