हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, शिवभक्तों ने चढ़ाई कांवड़
मंदिरों में सुबह से देर रात तक लगी रही भक्तों की भीड़ शिवभक्तों ने चढ़ाई कांवड़
आगरा, जागरण संवाददाता। सावन के आखिरी सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालु तरह-तरह के जतन कर रहे थे। कोई रुद्राभिषेक कर रहा था तो कोई अपने आराध्य शिव को प्रसन्न करने के लिए उनकी पसंद वाली सामग्री को शिवलिग पर अर्पण कर रहा था। शहर के चार प्रमुख महादेव मंदिरों के साथ ही शिवालयों पर शिव भक्तों की बड़ी संख्या में भीड़ लगी दिखी।
सावन के आखिरी सोमवार को बल्केश्वर महादेव, राजेश्वर महादेव, कैलाश महादेव और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहित मन:कामेश्वर और रावली मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का लाइन लगनी शुरू हो गई। श्रद्धालु सुबह चार बजे से ही मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से लाइन में पूजा करने का अनुरोध किया। सुबह छह बजे से शुरू हुई लाइनें दोपहर बाद तक लगी रहीं। आराध्य भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालु हर संभव प्रयास कर रहे थे। श्रद्धालु अपनी थाली में बेल पत्र, धतूरा, भांग आदि लेकर भगवान शिव का भोग लगा रहे थे। शिवालयों में बम बम भोले के नारे भी गुंजायमान हो रहे थे। सोमवार को शहर शिवमय नजर आया। पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
-सावन के आखिरी सोमवार को पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में प्रसिद्ध मेला लगा। मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के बाद मेले का आनंद उठाया। मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए झूले लगाए गए हैं। शहर और दूर-दराज के लोगों ने मेले में पहुंच इसका आनंद उठाया। महिलाओं ने मेले में गृहस्थी के सामान की खरीदारी की। शिवालयों के बाहर लगे भंडारे
- शहर के सभी शिवालयों के बाहर भंडारे का आयोजन किया गया। इन भंडारों में पूड़ी सब्जी, छोले चावल, राजमा चावल, पानी के पाउच तक बाटे गए। पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के बाहर भंडारे का आयोजन किया गया। शिवभक्तों ने भंडारे का आनंद लिया। शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़
- सावन के आखिरी सोमवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। शिव मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए मंदिरों में भक्तों की लाइन लगी रही।