नव दंपती की मुंह दिखाई कर रहा स्वास्थ्य विभाग
मिशन परिवार विकास के तहत श्रृंगार का सामान सहित किट। प्रजनन दर तीन से कम करने के लिए चलाया जा रहा अभियान।
आगरा(जागरण संवाददाता): नव दंपती की मुंह दिखाई के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच रही है। गिफ्ट में एक किट दी जा रही है। इसमें श्रृंगार का सामान और परिवार नियोजन से जुड़ी पढ़ने की सामग्री के साथ कंडोम और माला डी दी जा रही हैं।
आगरा की प्रजनन दर तीन फीसद है। इस दर को कम करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा मिशन परिवार कल्याण चलाया जा रहा है। इसके तहत नव दंपती को एक पहल किट दी जा रही है। इसके लिए आशा, एएनएम के द्वारा नव दंपती की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद डॉक्टर के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम नव दंपती के घर पहुंच रही है। गिफ्ट में किट दी जा रही है। एनएचएम के कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि नव दंपती को दी जा रही एक पहल किट में श्रृंगार का सामान है। इसके साथ ही परिवार नियोजन, उसके विकल्प संबंधी पढ़ने की सामग्री है। इसके साथ ही कंडोम और माला डी भी दी जा रही हैं। इन नव दंपती का मोबाइल नंबर सहित अन्य ब्योरा दर्ज किया जा रहा है। इस तरह एनएचएम की टीम इनके संपर्क में रहेगी और परिवार नियोजन के लिए काउंसिलिंग करेगी। 15 ब्लॉक में यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
सीएचसी पर कंडोम बॉक्स, संदेश वाहिनी से प्रचार:
परिवार नियोजन के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए सारथी वाहन और संदेश वाहिनी चलाए जाने हैं। इनके द्वारा हम दो हमारे दो के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर कंडोम बॉक्स रखे गए हैं। यहां से कोई भी व्यक्ति निश्शुल्क कंडोम ले सकते हैं। इनका भी रिकॉर्ड रखा जा रहा है।