Online Fraud: भाजयुमो नेता की ईमेल आइडी हैक कर मांग डाली रिश्तेदारों से रकम
भाजपा नेताओं से मांगी शातिरों ने रकम बरहन थाने में मुकदमा दर्ज। बरेली में भाजपा नेता ने एसपी क्राइम से की शिकायत।
आगरा, जागरण संवाददाता। साइबर शातिरों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष की ई मेल आइडी हैक कर ली। उनके परिचतों, भाजपा नेताओं और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर रकम की मांग की। एक सैन्य अधिकारी शातिरों के जाल में फंस गए। उन्होंने शातिरों के कहने पर उनके खते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। भाजयुमो नेता ने बरहन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
भाजयुमो ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम के अनुसार, उनके दो मोबाइल नंबर से जीमेल आइडी हैं। जिसे साइबर शातिरों ने हैक कर लिया। इसके बाद गूगल से उनके परिचित और रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर हासिल कर लिए। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों के भाजपा नेता भी शामिल हैं। शातिराें ने मनीष गौतम के नाम से दस हजार से लेकर एक लाख रुपये जरूरत बताते हुए रिश्तेदारों को मैसेज भेजने शुरू कर दिए। मनीष गौतम के अनुसार उनके मित्र राज सिंह शातिरों के झांसे में आ गए। शातिरों ने उनसे अपने खाते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। राज सिंह सेना में कर्नल हैं। राज सिंह द्वारा कोलकाता से रकम ट्रांसफर करने की जानकारी उन्हें दी गयी। इसके बाद उन्हें अपनी ईमेल आइडी हैक होने का पता चला। भाजयुमो नेता ने मामले में बरहन थाने में तहरीर दी। भाजपा नेता के परिचित कई भाजपा नेताओं को भी शातिरों ने मैसेज भेजे थे। इनमें से एक बरेली के भाजपा नेता मुदित स्वरूप ने वहां एसपी क्राइम से शिकायत की। उनका कहना है कि शनिवार को सुबह मनीष गौतम की फोटो लगे वाट्सएप नंबर से उनके नंबर पर कई मैसेज आए। मगर, वे समझ गए। उन्होंने मनीष को फोन किया तो हकीकत पता चल गई। बरेली के 30 से अधिक नेताओं को इसी तरह के मैसेज शातिरों ने किए थे। गनीमत रही कि वे बच गए। सीओ एत्मादपुर अतुल सोनकर ने बताया कि फेसबुक आइडी हैक करके रकम मांगने के मामले में बरहन थाने में धोखाधड़ी और आइटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। साइबर सेल भी मामले की जांच कर रही है।