खुद को 'मैनेजर' बता पहुंच गया ब्याह रचाने, दरवाजे पर खुली पोल, बैरंग लौटी बरात
आंगनबाड़ी का मैनेजर बताकर किया था रिश्ता तय। शादी में पहुंचे लोगों को हुआ पद पर शक तो खुल गया पूरा मामला।
आगरा, जेएनएन। ब्याह रचाने के लिए लोग कई बार झूठ का प्रयोग करते हैं। यह भी एक ऐसा ही मामला है। खुद को मैनेजर बताकर रिश्ता तय कर लिया। जानकारी के अभाव में विभाग आंगनबाड़ी बता दिया। तय तारीख पर घोड़ी चढ़ बरात लेकर भी पहुंच गया। लड़की पक्ष में कुछ समझदार लोग भी आए थे। उन्होंने पूछा तो बताया गया कि लड़का आंगनबाड़ी में मैनेजर है। यह सुन उनका दिमाग चकरा गया। आंगनबाड़ी में मैनेजर पद कब से सृजित हो गया। पड़ताल की तो सारा राज खुल गया।
मामला कासगंज के सिढ़पुरा के बिचौला गांव का है। यहां सोमवार रात एटा के मारहरा से बरात आई थी। रात दस बजे करीब बरात पहुंची। कन्या पक्ष ने बरातियों की जमकर आवभगत की। लगुन एवं अन्य रस्में पूरी होने के बाद में जब बारौठी का वक्त आया तो कुछ रिश्तेदारों ने दूल्हे से बातचीत शुरू कर दी। दूल्हे द्वारा खुद को आंगनबाड़ी में मैनेजर बताने पर लोग चौंके। जब पूछताछ की तो दूल्हा सकपका गया। इसके बाद कन्या पक्ष में आक्रोश पैदा हो गया। दावत खा रहे बराती भी मामला बिगड़ता देख उठ खड़े हुए। इसके बाद कन्या पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। बरात वापस लौटने के बाद कन्या पक्ष अब दुल्हन के लिए दूसरे रिश्ते की तलाश में जुट गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप