बरहन में डीजे पर नाचने को लेकर दूल्हे को पीटा, बरात लौटी
दुल्हन पक्ष के समझाने पर अगले दिन माना दूल्हा पक्ष तब हुई विदाई मथुरा के राया से बरहन के गांव नगरिया मौजा करराऊ आई थी बरात
जागरण टीम, आगरा। डीजे पर नाचने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। समझाने पहुंचे दूल्हे को भी पीट दिया गया। घटना को लेकर दूल्हे के पिता इस कदर नाराज हुए कि वे बरात लेकर ही लौट गए। गुरुवार को लड़की पक्ष के माफी मांगने के बाद ही शादी की रस्में पूरी हो सकीं। मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। थाने पर कोई शिकायत नहीं आई है।
बरहन के नगरिया मौजा कनराऊ निवासी सियाराम की बेटी प्रीति का रिश्ता मथुरा जिले के राया, धर्मपुरा गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ तय हुआ था। 26 मई की रात मुकेश कुमार अपने बेटे की बरात लेकर गांव में पहुंचे। यहां रात के समय वरमाला के बाद डीजे पर नाचने को लेकर लड़का और लड़की पक्ष के बीच विवाद हो गया। इस दौरान उनमें जमकर मारपीट हो गई। दूल्हा पहुंचा तो उसे भी पीट दिया गया। सरेआम बेइज्जती से नाराज दूल्हे के पिता बरात वापस ले जाने लगे। दुल्हन के पिता सियाराम ने उन्हें काफी समझाया लेकिन वे नहीं माने और बरात को ले गए। हालांकि सूचना पर डायल 112 के पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। रंग में भंग पड़ने से सियाराम काफी आहत थे। गुरुवार सुबह वे कुछ अन्य लोगों के साथ दूल्हे के पिता के पास पहुंचे और माफी मांगी तो दूल्हे के पिता मान गए। इसके बाद बरात फिर नगरिया मौजा कनराऊ पहुंचीं और शादी की रस्में पूरी हुई। सियाराम ने बताया कि दोपहर बाद दुल्हन की विदाई के साथ बरात हंसी-खुशी लौट गई। एसओ बरहन वीर बहादुर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। डायल 112 की टीम ने भी थाने पर कोई सूचना नहीं दी है।