विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर आगरा के बेतवापुरम में 42 करोड़ से होगा आंतरिक विकास, कुबेरपुर जंक्शन का भी सौंदर्यीकरण

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:55 PM (IST)

एडीए ग्रेटर आगरा के बेतवापुरम टाउनशिप में 42.02 करोड़ रुपये से आंतरिक विकास कार्य कराएगा, जिसमें सड़क, ड्रेनेज और सीवर लाइन शामिल हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बेतवापुरम में 42.02 करोड़ रुपये से आंतरिक विकास कार्य।

  2. कुबेरपुर इनर रिंग रोड जंक्शन का 3.43 करोड़ से सौंदर्यीकरण।

  3. एडीए द्वारा ग्रेटर आगरा में 10 नई टाउनशिप विकसित।

जागरण संवाददाता, आगरा। रायपुर व रहनकलां में विकसित किए जा रहे ग्रेटर आगरा की बेतवापुरम टाउनशिप के लिए एडीए ने टेंडर कर दिया है। यहां 42.02 करोड़ रुपये से आंतरिक विकास जैसे-सड़क, डक्ट, ड्रेनेज, सीवर लाइन आदि के काम कराए जाएंगे। यह काम 18 माह में पूरा करना होगा। इधर, कुबेरपुर पर इनर रिंग रोड जंक्शन के सुंदरीकरण का काम 3.43 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। यह काम 12 माह में पूर्ण कराया जाएगा।

एडीए द्वारा इनर रिंग रोड के किनारे रायपुर व रहनकलां में करीब 649 हेक्टेयर भूमि में ग्रेटर आगरा विकसित किया जा रहा है। इसमें 10 छोटी-छोटी आवासीय टाउनशिप हैं। इनमें यमुनापुरम व्यावसायिक है। कावेरीपुरम डूब क्षेत्र में है।

ऐसे में यहां केवल हरियाली रहेगी। अन्य टाउनशिप सिंधुपुरम, गोमतीपुरम, गंगापुरम, बेतवापुरम, महानदीपुरम, नर्मदापुरम, गोदावरीपुरम, कृष्णापुरम हैं। एडीए द्वारा गंगापुरम और नर्मदापुरम के आवासीय भूखंडों का लाटरी पद्धति से आवंटन किया जा चुका है।

टाउनशिप में 4712 भूखंड हैं। इनमें से 4391 आवासीय, 40 ग्रुप हाउसिंग, 160 मिश्रित और 121 व्यावसायिक व अन्य उपयोग के हैं। एडीए यहां नवरात्र में बुकिंग शुरू कर सकता है।

डूब क्षेत्र में नहीं होगा निर्माण

पर्यावरण कार्यकर्ता डाॅ. देवाशीष भट्टाचार्य ने एडीए से सूचना का अधिकार में जानकारी मांगी थी। एडीए ने उन्हें बताया कि योजना के अंतर्गत यमुना के डूब क्षेत्र में आने वाली भूमि पर किसी तरह का निर्माण नहीं किया जाएगा।

यहां ग्रीन जोन विकसित किया जाएगा। एडीए ने स्टेट इन्वायरमेंट इंपैक्ट असिस्मेंट अथारिटी से पर्यावरणीय अनुमति लेने को आवेदन करने के अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं होने की भी जानकारी दी है।

यह भी पढ़ें- ग्रेटर आगरा में दो टाउनशिप और...इसी महीने शुरू हो सकती है प्लॉट की बुकिंग