देश में हो रहा विकास तभी सार्थक जब गांव तक पहुंचे आर्थिक विकास का लाभ: बेबीरानी मौर्य
नेशनल चैंबर के धर्मपाल विद्यार्थी स्मृति व्याख्यान को किया संबोधित। कहा युवाओं के काैशल विकास पर हो काम।
आगरा जागरण संवाददाता। होटल क्लार्क शीराज़ में नेशनल चैम्बर के धर्मपाल विद्यार्थी स्मृति व्याख्यान कार्यक्रम में उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य कुछ देर पहले पहुंची। यहां उन्होंने चैंबर के कार्यों की सराहना की। साथ ही उद्योगों के अभाव में आगरा से पलायन कर रही युवा प्रतिभा पर चिंता भी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि उद्योग की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत आज भी गांव में बसता है। देश में विकास हो रहा है, लेकिन आर्थिक विकास का लाभ गांव तक पहुंचना चाहिए। चैम्बर से अपेक्षा की कि वो किसानों के उत्पादन को बाज़ार उपलब्ध कराए। युवाओं के कौशल विकास को प्रयास किया जाए। पिछड़े इलाकों का विकास प्राथमिकता हो। उन्होंने आगरा के उद्योगों को बचाने के लिए चैम्बर से प्रत्यावेदन मांगा। कहा कि वो प्रधानमंत्री से मुलाकात कर समस्या दूर करने का प्रयास करेंगी। आगरा के उत्थान को हरसम्भव मदद और अधिकारियों के साथ बैठक करने का आश्वासन भी दिया। जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि सभी शहरवासी यदि इस ओर प्रयास करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने यमुना आरती को रात्रि पर्यटन के आकर्षण के रूप में विकसित करने को कहा।