गायों को गुड़-चना खिलाया, पूजन कर मनाई गोपाष्टमी
ग्रामीण इलाकों में गोशालाओं में चारा खिला लिया रक्षा का संकल्प मदद को आगे आने का किया आह्वान
जेएनएन, आगरा: गोपाष्टमी पर जगह-जगह गायों की पूजन किया गया। गोशालाओं में उन्हें चारा-पानी देने पहुंचे लोगों ने उनकी मदद को आगे आने का आह्वान किया।
बाह के बटेश्वर में बलभद्र गोशाला पर रविवार को गो सेवकों ने गायों का पूजन किया। उन्हें गुड़ चना आदि खिलाकर पूजा-अर्चना की। अटल गोसेवा ट्रस्ट के संरक्षक सतेंद्र बरुआ ने गोरक्षा का संकल्प लिया। मंदिर महंत जयप्रकाश गोस्वामी ने कहा सनातन धर्म में गोवंश का विशेष महत्व है। हिंदू संस्कृति में गाय को माता कहा गया है। गोमाता का नित्य पूजन सभी बाधाओं से दूर कर देता है। इस मौके पर राकेश बाजपेयी, अशोक गोस्वामी, भदौरिया बाबा, धर्मेंद्र कुमार, सुशील शर्मा आदि मौजूद रहे।
फतेहाबाद में जगह-जगह गायों का पूजन किया गया। गोसेवक सतीश गुप्ता ने कहा कि हिदू संस्कृति में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। गोसेवा से बड़ा पुण्य कर्म दूसरा नहीं है। उन्होंने कहा कि गोरक्षा के प्रति लोग जरा भी गंभीर नहीं हैं। उन्हें गायों की सेवा करनी चाहिए। इस मौके पर श्यामवीर सिंह गुर्जर, राजेश चौहान, विमल चंद्रा, दिनेश पोद्दार, गिर्राज गुप्ता, मुकेश कुमार शर्मा, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
शमसाबाद में मातृ मंडल सेवा भारती की ओर से कस्बे के बीके गार्डन में ब्रह्माकुमारी केंद्र पर गोपूजन किया गया। क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख रीना सिंह ने गाय को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया। ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी ने सेवा भारती के सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट किए। विहिप के प्रांत संपर्क प्रमुख आशीष आर्य ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। यहां डिंपल गुप्ता, ममता, सुप्रिया जैन, गुंजन दीक्षित, इशिका गुप्ता, चांदनी, सुष्मिता सिंह, प्रभा आदि मौजूद रहीं।