मौसम के बदलाव में रखें ऐसे ध्यान, ताकि स्वस्थ बनी रहे आपकी नन्हीं सी जान Agra News
दैनिक जागरण हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में डॉ नीरज यादव ने दिए सुझाव।
आगरा, जागरण संवाददाता। सर्दी के मौसम में बच्चों को बुखार, खांसी और जुकाम की परेशानी हो रही है। लोगों ने दैनिक जागरण के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में फोन करके बीमारी के उपचार का तरीका पूछा। डॉ. नीरज यादव ने सभी बीमारियों के इलाज का तरीका बताया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कई जिलों के लोगों ने जानकारी ली।
सवाल: कई दिनों से बुखार है, थोड़ा सा खाते ही उलटी होने लगती है।
जवाब: बुखार आने पर पानी की मात्रा बढ़़ा देनी चाहिए। क्योंकि पानी की मात्रा कम होने पर बुखार का जोर बढ़ जाता है। उलटी होने पर डॉक्टर के पास जाना बहुत जरूरी होता है। बच्चे हाइपोटेसिस के कारण खाना नहीं खा पाते हैं। इससे बच्चे बहुत परेशान हो जाते हैं।
सवाल: जुकाम से काफी परेशानी होती है। ऐसी स्थिति में किन-किन पदार्थों का इस्तेमाल करना होगा?
जवाब: एलर्जी से ग्र्रस्त बच्चों को खांसी की समस्या से जूझना पड़ता है। कुछ बच्चे अस्थमा से परेशान होते हैं। वहीं, बच्चों को छींक आने से जुकाम दूर हो जाता है। खांसते समय छाती में दर्द होता है। ऐसे लोगों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। साथ घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करना अति जरूरी है।
सवाल: मेरे बच्चे को काफी दिक्कत है। डॉक्टर को दिखाया है, तो उसे वायरल बुखार बताया है?
जवाब: बच्चे को डाइट जरूर देते रहें। पानी की मात्रा भी कम न होने दें। बुखार सौ डिग्र्री तक पहुंचने पर पैरासीटामोल सीरप का इस्तेमाल किया जा सकता है। अदरक को शहद में मिलाकर दिन में दो से तीन बार बच्चे को दें। उसे आराम मिलेगा।
सवाल: छह माह की बेटी है। उसे खांसी हो रही है। खांसते समय उलटी भी करती है?
जवाब: खांसी से गले में खरास, सूजन होती है। ज्यादा उम्र के लोगों को काड़ा या अदरक का रस प्रयोग करना चाहिए। उससे आराम मिलेगा। अगर, इंफेक्शन है, तो मेडिकल में जाकर ही दवा लेनी होगी। खांसी के साथ-साथ बुखार भी हो जाता है। भूख लगना कम होता है, वजन कम होने लगता है। डॉक्टर की सलाह पर शरीर की जांच करानी चाहिए। इससे खांसी के लक्षणों के पता चल जाता है।
सवाल: सर्दी-जुकाम हो रहा है और गला बैठ गया है?
जवाब: जुकाम के कारण गला खराब हुआ है। आपको गर्म पानी में नमक डालकर, उससे गरारे करने होंगे। एक दिन में ही आराम मिलना शुरू हो जाएगा।
सवाल: मेरा छह माह का नाती है। उसे खांसी हो गई है?
जवाब: बच्चा छोटा है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा का प्रयोग न करें। डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा का ही इस्तेमाल करें।
सवाल: मुझे खांसी बहुत जल्दी-जल्दी होती रहती है। इससे मेरे घर वाले टीबी जैसी बीमारी होने को लेकर परेशान रहते हैं?
जवाब: खांसी होने पर चिंता नहीं करनी चाहिए। टीबी का इलाज पूर्ण रूप से संभव है, लेकिन एक बार इलाज शुरू होने पर पूरा कराना आवश्यक होगा।
सवाल: कम उम्र के बच्चों को निमोनिया की बीमारी होती है। उससे बचाव के क्या उपाय हैं?
जवाब: एक वर्ष के बच्चों को अधिक दिक्कत होती है। सर्दी जुकाम के बाद पसली चलने लगती हैं। बच्चों की सांस की नलियां बहुत पतली होती हैं। इनमें सूजन आने पर सांस लेने में परेशानी होती है। सर्दी जुकाम के कारण बच्चों की नाक रुक जाती है। इससे भी सांस लेने में परेशानी होती है। ऐसे में बच्चों की नाक को साफ करना जरूरी होता है।