Acid Attack: प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने पर आगरा में प्रेमिका ने फेंका तेज़ाब
थाना हरीपर्वत क्षेत्र का है मामला। दोनों करते थे एक ही पैथोलॉजी लैब में काम। प्रेमी की उपचार के दौरान हुई मौत। प्रेमिका की हालत भी है गंभीर। पुलिस मौके पर पहुंची। प्रेमी कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। अब तक आपने प्रेमी द्वारा प्रेमिका पर एसिड अटैक की घटनाएं सुनी होंगी। आगरा में प्रेमिका ने प्रेमी पर एसिड फेंका है। गंभीर रूप से जलने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान प्रेमी ने दम तोड़ दिया है। प्रेमिका भी बदहवास हालत में है, वह भी अस्पताल में भर्ती है।
मामला हरीपर्वत थाना क्षेत्र का है। यहां एसिड अटैक के बाद मूल रूप से कासगंज निवासी देवेंद्र को अस्पताल में बुरी तरह जलने के बाद भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान देवेंद्र ने दम तोड़ दिया। जबकि आरोपित युवती की भी हालत खराब है। घटना के पीछे कारण बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच काफी लंबे समय से पहचान थी। दोनों पैथोलॉजी लैब में साथ काम करते थे, तभी उनके बीच संबंध बन गए थे। इधर देवेंद्र का रिश्ता कहीं और तय हो गया था, इससे युवती व्यथित थी। गुरुवार को उसने देवेंद्र को अपने घर पंखा टांगने के बहाने बुलाया। इसी दौरान युवती ने देवेंद्र पर एसिड फेंक दिया।