Agra News: 75वर्ष के दादा ने की नातिन से गलत हरकत, पुलिस ने भेजा जेल, परिवार में दादी ने भी नहीं दिया साथ
Agra News छेड़छाड़ की घटनाएं अक्सर परिचितों द्वारा सामने आती हैं। ऐसा ही एक मामला आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र में सामने आई है। मुकदमे में मां पिता व अन्य स्वजन भी नामजद। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के कमला नगर क्षेत्र की एक युवती ने अपने 75 वर्ष के दादा के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया।उसका आरोप है कि दादा के गलत हरकत करने के बाद परिवार के अन्य लोगों ने चुप रहने को दबाव बनाया और धमकी दी। मुकदमे में उसने माता-पिता, दादी, चाचा और मामा को भी नामजद कराया है।
दादा परेशान कर रहे थे
इंस्पेक्टर कमला नगर उत्तम चंद पटेल के अनुसार, 22 वर्षीय युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो वर्ष से उसके 75 वर्षीय दादा उसे परेशान कर रहे हैं। पहले वो उनकी हरकतों पर ध्यान नहीं देती थी। मगर, अक्टूबर 2020 में उसके साथ दादी के सामने छेड़छाड़ की। उसने इसका विरोध किया। मगर, दादी ने भी उनका ही साथ दिया।
नातिन के आरोप नौकरानी के साथ भी छेड़छाड़
नातिन ने यह भी आरोप लगाया कि दादा उसकी मां और नौकरानी के साथ भी छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश कर चुके थे। इस बारे में पिता, चाचा, चाची से शिकायत की, लेकिन उन्होंने उल्टा उसे ही धमकाया। इस कारण उन्होंने शिकायत नहीं की।
विरोध पर उसे बदनाम कर दिया, जिससे क्षेत्र के लोग भी गलत नजरों से देखने लगे। इसके बाद दादा ने उसकी बहन के साथ भी गंदी हरकत की। इस कारण दोनों बहन वाराणसी पढ़ाई करने चली गईं। अब उसे फोन करके चाचा, पिता और मामा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
युवती के आरोपों के आधार पर मुकदमा
इंस्पेक्टर कमला नगर का कहना है कि युवती के आरोपों के आधार पर दादा, चाचा, चाची, पिता, मां और मामा के खिलाफ छेड़छाड़, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित दादा को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेजा गया है। तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।