4000 करोड़ की रामायणम् पर भारी पड़ा 'रघुवंशी रघुनंदन'! आगरा की रामलीला में गौरव खन्ना को श्रीराम के रोल में देखकर लोग हुए मंत्रमुग्ध
आगरा के जनकपुरी महोत्सव में 'रघुवंशी रघुनंदन' नाटक ने रामायण के दृश्यों को जीवंत कर दिया। पुष्पक विमान और लंका ...और पढ़ें

रघुवंशी रघुनंदन नाटक में रावण का वध करने के बाद श्री राम दरबार में मौजूद अभिनेता गौरव खन्ना, राजन मोदी, प्राची और बिंदु दारा सिंह। अमित शिवहरे
HighLights
पुष्पक विमान, लंका दहन के भव्य दृश्य दिखाए गए।
गौरव खन्ना, बिंदु दारा सिंह ने दमदार अभिनय किया।
जनकपुरी महोत्सव में 'रघुवंशी रघुनंदन' नाटक ने समां बांधा।
जागरण संवाददाता, आगरा। आसमान में उड़ता पुष्पक विमान, हवा में उड़ते राक्षस और अग्नि की लपटों के बीच लंका दहन का रोमांचक दृश्य... प्रकाश और ध्वनि के अद्भुत संयोजन के बीच जब मंच पर प्रभु श्रीराम और रावण आमने-सामने आए, तो दर्शक मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए। सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट में सजी जनकपुरी शनिवार शाम रामायण के जीवंत दृश्यों से आलोकित हो उठी।
बॉलीवुड कलाकारों के दमदार अभिनय और आधुनिक तकनीक से सजे नाटक रघुवंशी रघुनंदन की डेढ़ घंटे की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि दर्शकों की निगाहें मंच से नहीं हटीं। मां जानकी की विदाई के बाद भी मिथिला की धरती पर रामकथा की गूंज बनी रही। लोगों ने गौरव खन्न को देखकर कहा, कि रामायणम् में ये अच्छा किरदार निभाते।

रघुवंशी रघुनंदन नाटक के दौरान श्री राम, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप में अभिनेता गौरव खन्ना, राजन मोदी व बिंदु दारा सिंह। अमित शिवहरे
आसमान में उड़ा पुष्पक विमान, अग्नि की लपटों के बीच साकार हुआ लंका दहन
लाडी संगीत मेकर की ओर से प्रस्तुत नाटक में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को भव्य मंच सज्जा, विशेष प्रकाश प्रभावों, ध्वनि और आतिशबाजी के साथ साकार किया गया। इसमें राजमहलों की भव्यता, युद्धभूमि में संघर्ष और शौर्य के दृश्य उभरे, तो उड़ते पुष्पक विमान और राक्षसों के दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित किया। लंका दहन के दौरान अग्नि के प्रभावों ने प्रस्तुति में विशेष आकर्षण जोड़ा। वहीं, दीपों की रोशनी में प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाह का दृश्य अलौकिक छटा बिखेरता नजर आया।

जनक महल में शनिवार को रघुवंशी रघुनंदन नाटक के दौरान पुष्पक विमान में सीता का अपहरण कर ले जाते रावण के किरदार में अभिनेता आर्य बब्बर। अमित शिवहरे
गौरव खन्ना के श्रीराम, बिंदु दारा सिंह के हनुमान ने मोहा मन
मंच पर कलाकारों ने अपने अभिनय से रामायण के पात्रों को जीवंत कर दिया। प्रभु श्रीराम की भूमिका में गौरव खन्ना ने मर्यादा, धैर्य और शौर्य का प्रभावशाली चित्रण किया। लक्ष्मण के रूप में राजन मोदी और माता सीता के रूप में प्राची ने भावपूर्ण अभिनय किया।
हनुमान के रूप में बिंदु दारा सिंह ने शक्ति, भक्ति और समर्पण का प्रभाव छोड़ा, जबकि रावण बने आर्यन बब्बर ने ओजस्वी संवादों और रौद्र रूप से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कलाकारों के अभिनय और तकनीकी प्रभावों ने रामायण के प्रसंगों को दर्शकों के सामने सजीव कर दिया।
आयोजन समिति ने दिया धन्यवाद
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सदस्यों, सहयोगियों और महिला समिति का आभार जताया। उन्होंने राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल, राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनयना के स्वरूप लता गोयल का अभिनंदन किया।
चुनरी की छांव में सिया का मंगल गृह प्रवेश
जनकपुरी महोत्सव में विवाहोत्सव और विदाई के बाद शनिवार को रामनगर कॉलोनी स्थित राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल के आवास पर सिया-राम का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप पहुंचे तो घर मंगल गीतों से गूंज उठा। रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने आरती उतारकर स्वागत किया।
यह भी पढ़ें- आगरा जनकपुरी महोत्सव: नेपाल के जानकी महल जैसा सजेगा जनक महल, राम-सीता विवाह प्रसंग को भव्यता से दर्शाएगा
माता जानकी ने चावल का कलश गिराकर गृह प्रवेश किया
देहरी पर माता जानकी ने चावल का कलश गिराकर गृह प्रवेश किया। भाभी निमिषा सिंघल और बहन आयुषी गर्ग ने स्वरूपों के चरण पखारकर अभिनंदन किया। इसके बाद चुनरी की छांव में गृह प्रवेश की रस्म पूरी हुई। गोद भराई में माता जानकी को उपहार भेंट किए गए और परिवार की महिलाओं ने मंगल गीत गाकर सुख-समृद्धि की कामना की। अनिका और क्रियांशु ने प्रभु श्रीराम और माता जानकी के लिए पत्र लिखकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आरती और भोग के बाद सभी स्वरूप रामलीला मैदान के लिए रवाना हुए।
