साइबर शातिरों ने बैंककर्मी के खाते से पार किए 70 हजार Agra News
फोन पे पर रिक्वेस्ट भेजकर शातिरों ने पांच बार में निकाली रकम। पीडि़त ने साइबर सेल में की शिकायत।
आगरा, जागरण संवाददाता। साइबर शातिरों ने फोन पे से भुगतान करने का झांसा देकर बैंककर्मी को निशाना बना लिया। पांच बार लिंक भेजकर शातिरों ने दो खातों से 70 हजार रुपये पार कर लिए। खातों में जमा रकम निकलने के बाद बैंककर्मी को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने साइबर सेल में मामले की शिकायत की है।
सिकंदरा के लोहकरैरा निवासी प्रेम सिंह यश बैंक में कर्मचारी हैं। उनके छोटे भाई रोहित शास्त्रीपुरम स्थित एक हार्डवेयर शॉप पर काम करते हैं। बुधवार को हार्डवेयर शॉप के मालिक पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने प्लाईवुड खरीदने को बात की। सौदा करने के बाद उसने कहा कि कुछ रुपये वह लड़के को लेकर भेज रहा है और कुछ ऑनलाइन ट्रांसफर करेगा। कॉल करने वाले ने दुकानदार से पूछा कि क्या आप फोन पे इस्तेमाल करते हो। वे इस्तेमाल नहीं करते थे। इसलिए उन्होंने अपने कर्मचारी रोहित से पूछा। रोहित के भाई प्रेम सिंह फोन पे इस्तेमाल करते हैं। इसलिए उन्होंने कॉल करने वाले व्यक्ति को उनका नंबर देकर उन्हें बता दिया। दोपहर 2.30 बजे शातिर ने प्रेम सिंह के नंबर पर कॉल की और रिक्वेस्ट मनी का लिंक भेज दिया। प्रेम सिंह ने बिना पढ़े उस पर क्लिक कर दी। ट्रांजेक्शन फेल होने की बात कहकर शातिर ने प्रेम सिंह से पांच बार लिंक पर क्लिक करा लिया। दो बैंक खातों से उनके 70 हजार रुपये निकालकर दोनों खाते साफ कर दिए। प्रेम सिंह ने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर इसकी जानकारी देने के साथ मामले की शिकायत साइबर सेल में की है।
अंजान नंबर पर न करें भरोसा
साइबर शातिर गूगल पे और फोन पे का दुरुपयोग कर रहे हैं। इस पर रिक्वेस्ट मनी का लिंक भेजते हैं। दो विकल्प पे और डेक्लाइन दिए जाते हैं। इनमें से पे पर क्लिक करते ही खाते से रकम ट्रांसफर हो जाती है। इसलिए जानकारों का कहना है कि किसी भी अंजान नंबर पर भरोसा न करें। उसके कहने पर किसी लिंक पर क्लिक न करें। क्लिक करने से पहले उसे पूरा पढ़कर समझ लें।