Smart City को लगे पंख, चार प्रोजेक्ट को मिली सैद्धांतिक मंजूरी Agra News
एमओईएफसीसी से दी मंजूरी एएससीएल को 50 लाख के करीब करने होंगे जमा। 135 करोड़ के हैं प्रोजेक्ट वन विभाग ने एनओसी न मिलने पर बंद कराया था कार्य।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा स्मार्ट सिटी के बंद पड़े चार प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह मंजूरी पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) ने दी है। इससे जल्द ही 135 करोड़ रुपये के चार प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो सकेगा। वन विभाग की आपत्ति के बाद कार्य बंद था।
ताजगंज व उसके आसपास के नौ वार्डों को स्मार्ट तरीके से विकसित किया जा रहा है। योजना में फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण भी शामिल है। डेढ़ साल पूर्व 23 में से 19 प्रोजेक्ट पर काम चालू हुआ था। वन विभाग ने फतेहाबाद रोड के चौड़ीकरण, ताज ईस्ट ड्रेन के निर्माण, जंक्शन इंप्रूवमेंट (चौराहों का सुंदरीकरण), हेरिटेज वाक के निर्माण कार्य को बंद करा दिया था। एनओसी के बाद ही दोबारा काम शुरू करने की चेतावनी दी गई। आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड (एएससीएल) ने एमओईएफसीसी में सैद्धांतिक मंजूरी के लिए आवेदन किया। दस्तावेज पूरे न होने पर दो बार एमओईएफसीसी ने प्रस्ताव को लौटा दिया। फिर निर्धारित फॉरमेट पर फिर से आवेदन किया गया। अब इसकी मंजूरी मिल गई है। एएससीएल नुकसान की भरपाई के लिए 50 लाख रुपये के करीब जमा कराने होंगे।
इन प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
-100 करोड़ की लागत से होने वाला फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण का काम।
-26 करोड़ की लागत से होने वाला ताज ईस्ट ड्रेन का निर्माण। यह ड्रेन शमसाबाद रोड पेट्रोल पंप से ताज पूर्वी गेट तक तैयार हो रहा है।
-03 करोड़ की लागत से हेरिटेज वाक का निर्माण। यह हेरिटेज वाक ताज पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी गेट तक बनेगा।
-06 करोड़ से चौराहों के सुंदरीकरण का काम।
आगरा स्मार्ट सिटी की ये है रैंक
- 2018 में घोषित रैंकिंग में आगरा देश में 18वें स्थान पर था।
- 2019 मार्च में आगरा 15वें स्थान पर था।
- 2019 अप्रैल में देश में 12वें स्थान पर थी ताजनगरी।
- 2019 अगस्त में देश में 11वें स्थान पर आ गया था आगरा।
- 2019 सितंबर, अक्टूबर, नवंबर में फिर 12वें स्थान पर खिसक गया आगरा।
जल्द शुरू होगा निर्माण
आगरा स्मार्ट सिटी लि. के सीईओ अरुण प्रकाश ने बताया कि बंद पड़े चार प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। जल्द इन पर निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।