CoronaEffect: ताजमहल पर घटने लगे विदेशी सैलानी, Visa कैंसिल होने का आया असर Agra News
कोरोना के चलते सभी देशों के पर्यटकों के वीजा किए गए हैं कैंसिल। गुरुवार की अपेक्षा शनिवार को 1538 विदेशी पर्यटक ताजमहल पर कम।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारत सरकार द्वारा सभी देशों के पर्यटकों का वीजा 15 अप्रैल तक के लिए कैंसिल किए जाने का असर ताजमहल पर नजर आने लगा है। यहां विदेशी पर्यटकों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है। गुरुवार की अपेक्षा शनिवार को ताजमहल देखने 1538 विदेशी पर्यटक (सार्क देशों समेत) कम पहुंचे।
भारत सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए ऐहतियातन 15 अप्रैल तक के लिए सभी देशों के पर्यटकों के वीजा 13 मार्च की मध्य रात्रि कैंसिल कर दिए थे। कोरोना प्रभावित देशों की बढ़ती संख्या के चलते अब एयरलाइंस भी फ्लाइट कैंसिल करने लगी हैं। इसके चलते भारत में मौजूद विदेशी पर्यटक अपने टूर बीच में ही कैंसिल कर अपने देश वापस लौट रहे हैं। इसका असर ताजनगरी के पर्यटन उद्योग पर पड़ा है। सप्ताहांत में शनिवार व रविवार को ताजमहल पर भीड़ उमड़ती है। पर्यटन सीजन होने के बावजूद शनिवार को ताजमहल पर गर्मियों की तरह नजारा रहा। पूर्वी गेट व पश्चिमी गेट पर कम पर्यटक नजर आए। विदेशी पर्यटकों की बात करें तो गुरुवार को जहां ताज देखने 3745 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे, वहीं शनिवार को वह घटकर 2207 रह गए। पिछले शनिवार (सात मार्च) को ताज देखने पहुंचे 3301 पर्यटक से भी यह कम थे। आने वाले दिनों में ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों की संख्या और गिर सकती है, क्योंकि वीजा कैंसिल होने से अब कोई विदेशी पर्यटक भारत नहीं आ पा रहा है।
ताज पर पर्यटकों की तुलनात्मक स्थिति
पर्यटक, गुरुवार, शनिवार
भारतीय, 12683, 13106
विदेशी, 3455, 2091
सार्क, 290, 116
कुल, 16428, 15313
ताज पर सात मार्च (पिछले शनिवार) को स्थिति
भारतीय, 13837
विदेशी, 2930
सार्क, 371
कुल, 17138
आगरा किला पर शनिवार को पहुंचे पर्यटक
भारतीय, 4189
विदेशी, 911
सार्क, 40
कुल, 5140