Taj Mahal Mud Pack: ताज की गुंबद पर मडपैक, पहले कोरोना और अब इस कारण रुका
Taj Mahal Mud Pack मार्च में स्मारक बंद होने पर शुरू कर दिया गया था पाड़ बांधना। काम रुकता नहीं तो अब तक साफ हो चुका होता ताज का गुंबद। रविवार को 3814 पर्यटकों ने ताजमहल निहारा जबकि शनिवार को 3289 पर्यटक आए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल के गुंबद को मडपैक ट्रीटमेंट कर साफ करने की राह पहले कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते हुए लाक डाउन ने रोकी और उसके बाद फंड ने। मार्च में स्मारक बंद होने पर शुरू किए गए काम पर ब्रेक नहीं लगा होता तो यह काम अब तक पूरा हो गया होता। फिलहाल, फंड के अभाव में मडपैक ट्रीटमेंट शुरू होने की उम्मीद कम ही है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) की रसायन शाखा ने ताजमहल में मुख्य मकबरे के गुंबद पर फरवरी से सितंबर तक मडपैक ट्रीटमेंट की योजना बनाई थी। इस काम की शुरुआत करीब एक माह विलंब से मार्च में हुई थी। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 17 मार्च को ताजमहल बंद होने पर 19 मार्च से मुख्य मकबरे के गुंबद पर मडपैक ट्रीटमेंट के लिए पाड़ बांधना शुरू कर दिया गया था। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू रहा और 23 मार्च से उप्र में लाक डाउन हो गया। इससे पाड़ बांधने का काम रुक गया था। 31 मार्च को वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर फंड सरेंडर करना पड़ गया। लाक डाउन में ही 29 मई को अाए तूफान में ताजमहल में मडपैक ट्रीटमेंट को बांधी गई पाड़ गिर गई, जिससे मुख्य मकबरे और चमेली फर्श की रेलिंग टूट गई। फंड नहीं होने से मुख्य मकबरे के गुंबद पर मडपैक का काम फिर शुरू ही नहीं हो सका।
आगरा किला में भी बंद है काम
एएसआइ की रसायन शाखा ने आगरा किला के दीवान-ए-आम में शहंशाह के बैठने की जगह पर भी लाक डाउन से पूर्व मडपैक ट्रीटमेंट का काम शुरू किया था। लाक डाउन के चलते यह काम बीच में ही बंद हो गया। फंड के अभाव में यहां भी दोबारा काम शुरू नहीं हो सका है।
रविवार को 3814 पर्यटकों ने देखा ताजमहल
रविवार को ताजमहल पर्यटकों से गुलजार रहा। शनिवार की अपेक्षा रविवार को अधिक पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे। रविवार को 3814 पर्यटकों ने ताजमहल निहारा, जबकि शनिवार को 3289 पर्यटक आए थे।
कोरोना काल में खुले ताजमहल में कैपिंग लागू है और एक दिन में अधिकतम पांच हजार टिकटें ही बुक हो सकती हैं। स्मारक पर वीकेंड में शनिवार व रविवार को पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। पिछले शनिवार व रविवार को दूसरे स्लाट की सभी 2500 टिकटें बुक हो जाने से टिकट बुक नहीं होने से पर्यटक परेशान हुए थे। इस वीकेंड में ऐसा देखने को नहीं मिला और पर्यटकों को ताजमहल के दीदार में मुश्किल नहीं आई। रविवार को 1551 पर्यटकों ने मुख्य मकबरे समेत ताजमहल देखा। इनमें 1340 वयस्क और 211 बच्चे थे। आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और अन्य स्मारकों में भी अधिक पर्यटक पहुंचे।
पर्यटकों की स्थिति
भारतीय वयस्क, 3412
भारतीय बच्चे, 348
विदेशी, 46
सार्क, 8
कुल, 3814
ताजमहल पर पर्यटकों की स्थिति
दिन, पर्यटक
शनिवार, 3289
रविवार, 3814