Fastest Movers City: स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में चमकी सुहागनगरी, मिला फास्टेट मूवर्स सिटी अवार्ड
Fastest Movers City शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने की घोषणा दी मेयर और नगरायुक्त को बधाई। देश के चार शहरों में चुना गया था फीरोजाबाद का स्वयं सहायता समूह।
आगरा, जेएनएन। स्वच्छता सर्वेक्षण 2000 में आगरा मंडल के फीरोजाबाद नगर निगम को फास्टेस्ट मूवर्स सिटी का अवार्ड मिला है। गुरुवार को आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने इसकी घोषणा की। इसके साथ ही फीरोजाबाद ने पिछले साल की रैंकिंग में 239 रैंक की बड़ी उछाल मारी है। 2014 में फीरोजाबाद नगर निगम बना था, इसके बाद विकास की कार्यों में तेजी आई।
पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण में जहां फीरोजाबाद नगर निगम को 292 रैंक हासिल हुई थी, इस बार अप्रत्याशित सुधार हुआ और 53वी रैंक मिली है। बड़ी उपलब्धि है कि 03 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में फास्टेस्ट मूवर्स में फीरोजाबाद नम्बर वन रहा। शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने मेयर नूतन राठौर और नगर आयुक्त विजय कुमार की टीम को बधाई दी।
इसके साथ ही फीरोजाबाद को एक और उपलब्धि मिली। देश के 4 शहरों में फीरोजाबाद के स्वयं सहायता समूह को शामिल किया गया। शहरी विकास मंत्री ने बेकार से आकार देने वाले जाहरवीर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शामिल होना था, लेकिन उनके स्थान पर शहरी विकास मंत्री शामिल हुए और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बेकार सामान से उपयोगी वस्तुएं बनाने के बारे में जानकारी ली। फीरोजाबाद की उपलब्धि पर नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों को बधाई दी है।