Move to Jagran APP

फैक्ट्री में दूसरे दिन भी सुलगती रही आग

प्लास्टिक कुर्सी बनाने की फैक्ट्री में धुआं उठने से मची अफरातफरी दमकल की गाड़ियां ने मौके पर पहुंच आग पर पाया काबू

By JagranEdited By: Published: Fri, 27 Sep 2019 09:00 AM (IST)Updated: Mon, 30 Sep 2019 06:21 AM (IST)
फैक्ट्री में दूसरे दिन भी सुलगती रही आग

आगरा, जागरण संवाददाता। कालिंदी विहार में कृष्णा कॉलोनी में प्लास्टिक की कुर्सी बनाने की फैक्ट्री में लगी आग दूसरे दिन भी सुलगती रही। दोपहर में मलबे से धुआं उठने पर अफरातफरी मच गई। थाने का फोर्स और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने कुछ देर में आग को काबू कर लिया।

loksabha election banner

कमला नगर निवासी सुनील गर्ग की कृष्णा कॉलोनी स्थित प्लास्टिक कुर्सी बनाने की फैक्ट्री में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई थी। फैक्ट्री के गोदाम में रखा तैयार माल खाक हो गया था। अग्निकांड पर 19 दमकलों ने पांच घंटे के प्रयासों के बाद काबू किया था। आग से फैक्ट्री के गोदाम के प्रथम तल की छत ढह गई थी। प्लास्टिक की कुर्सियां मलबे में दबने के चलते आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।

गुरुवार दोपहर मलबे में दबी चिंगारी सुलगने से धुंआ उठने पर फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों में अफरातफरी मच गई। मालिक द्वारा पुलिस को सूचना देने पर दमकल की गाड़ी पहुंच गई। उसने आग को बुझा दिया।

जली प्लास्टिक की दुर्गध से लोग परेशान

फैक्ट्री में लगी आग में हजारों प्लास्टिक की कुर्सियां जल गई थीं। अब इससे उठने वाली दुर्गध कॉलोनी के लोगों को परेशान कर रही है। लोगों का कहना था कि कुर्सियां जलने के बाद प्लास्टिक कूडे़ के ढेर में तब्दील हो गई हैं। इससे निकलने वाली दुर्गध से सांस लेना दूभर हो रहा है। पूरे इलाके में प्लास्टिक जलने की दुर्गध है।

आग में खाक हो गई दीपावली की खुशियां

फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने यहां काम करने वाले 25 मजदूरों की दीपावली की खुशियों को लील लिया। इन मजदूरों के सामने कई दिक्कतें आ गई हैं। अधिकांश मजदूर बाहर के रहने वाले हैं, वह त्योहार पर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। मगर, आग ने उनकी खुशियों को भी खाक कर दिया।

एक दूसरे को हौसला देते रहे परिजन

अग्निकांड से फैक्ट्री मालिक सुनील गर्ग और उनका परिवार सदमे में है। गुरुवार को फैक्ट्री पहुंचे परिवार के सदस्य एक दूसरे को ढांढस बंधाते दिखाई दिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.