मथुरा- वृंदावन के मकान और फैक्ट्री में उठीं आग की लपटें, कई गंभीर घायल
शुक्रवार सुबह अज्ञात कारणों से वृंदावन में काशीराम कॉलोनी के मकान और मथुरा में चाऊमीन फैक्ट्री में लगी आग। लाखों का सामान हुआ खाक।
आगरा, जेएनएन। शुक्रवार सुबह वृंदावन के परिवार के लिए मुसीबत बनकर आई। सुबह करीब पांच बजे वृंदावन की काशीराम कॉलोनी के एक मकान में अचानक आग लग गई। परिवार गहरी नींद में सो रहा था। जब तक परिजन कुछ समझ पाते आग भीषण रूप ले चुकी थी।
काशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर छह के मकान एफ तीन राजेश पुत्र सुंदर लाल का है। सुबह के वक्त जब परिजन गहरी नींद में सो रहे थे तभी अचानक मकान को आग की लपटों से घेर लिया। राजेश उम्र 40 वर्ष, पत्नी यशोदा उम्र 35 वर्ष, दस वर्षीय पुत्र श्याम और आठ वर्षीय छोटू आग की लपटों से घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों ने जब आग की लपटों को मकान से उठते देखा तो फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग शांत हो सकी। फिलहाल चारों घायलों को आगरा इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। स्थानीय चिकित्सकों ने परिजनों की हालत चिंताजनक बताई है। उधर मथुरा में एक चाऊमीन की फैक्ट्री में भी अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। सभी को झुलसी हुई हालत में अस्पताल ले जाया गया। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हादसे के कारण फैक्ट्री में रखा सारा माल खाक हो गया।