Agra Fire: जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लपटें देख मची अफरातफरी; पांच दमकलों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जूता फैक्ट्री बुधवार की सुबह लपटों में घिर गई। विकराल लपटें देख कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों तक नहीं फैलने दिया। पांच दमकलों ने डेढ़ घंटे प्रयास के बाद आग को पूरी तरह काबू किया।
आगरा, जागरण संवाददाता: सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जूता फैक्ट्री बुधवार की सुबह लपटों में घिर गई। प्रथम तल से उठती विकराल लपटें देख कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों तक नहीं फैलने दिया। पांच दमकलों ने डेढ़ घंटे प्रयास के बाद आग को पूरी तरह काबू किया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया है।
फैक्ट्री एरिया साइट-सी 101 में कश्यप फुटवियर के नाम से जूता फैक्ट्री है। बुधवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे फैक्ट्री के प्रथम तल पर स्थित निर्माण इकाई में आग लग गई। जिसने पूरे तल को अपनी चपेट में ले लिया। विकराल लपटें निकलती देख परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने उसे अपने स्तर से काबू करने का प्रयास किया। तब तक आग प्रथम तल पर फैल चुकी थी।
लाखों रुपये का माल जलकर हुआ खाक
अग्निशमन अधिकारी अमरपाल सिंह ने बताया कि आग प्रथम तल पर लगी थी। वहां पर कोई ज्वलनशील रसायन नहीं रखा था। जिसके चलते आग प्रथम तल से अन्य हिस्सों में नहीं फैली। दमकल कर्मियों ने उसे डेढ़ घंटे प्रयास के बाद प्रथम तल पर ही काबू में कर लिया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया है। आग में प्रथम तल पर रखे लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।