जरा सा काम करने पर हो जाती है थकान, तो कहीं ये कारण तो नहीं
आधुनिक जीवन शैली में फेफड़ों को सही मात्र में नहीं मिल पा रही आक्सीजन। फेफड़ों के फैलाव व संकुचन की क्षमता कम होने से बढ़ती है थकान।
आगरा, जागरण संवाददाता। शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन न मिलना भी थकान की बड़ा वजह बन रहा है। आधुनिक जीवन शैली व व्यायाम से कतराने की आदत के कारण हम दिनभर में उतनी ऑक्सीजन नहीं ले पाते जितनी एक आम इंसान को ग्रहण करनी चाहिए। नतीजन जल्दी थक जाते हैं।
ऑक्सीजन की कमी से क्यों होती है थकान
सही मात्र में ऑक्सीजन ग्रहण करने से हमारे शरीर में खून तेजी से दौड़ता है। वही हमारे शरीर को फुर्तीला बनाता है। सही मात्र में ऑक्सीजन लेने के लिए हमें व्यायाम की आवश्यकता होती है। व्यायाम के समय हमारे फेफड़े ऑक्सीजन ग्रहण करते हुए 70 से 80 फीसद ज्यादा फैलते व संकुचित होते हैं। जिससे वह शरीर को ज्यादा मात्र में ऑक्सीजन देते हैं। व्यायाम न करने के कारण जब हम अचानक से कोई तेज शारीरिक गतिविधि करते हैं तो इसके लिए हमारे फेफड़े तैयार नहीं होते, जिससे वह शरीर को जरूरी ऑक्सीजन प्राप्त नहीं करा पाते और हम हांफने लग जाते हैं।
क्या हैं उपाय
शरीर को सही मात्र में आक्सीजन मिलती रहे इसके लिए व्यायाम व योग जरूरी है। जो लोग सुबह उठकर व्यायाम या योग कर लेते हैं उन्हें दिनभर चुस्त-दुरस्त देखा जा सकता है। सुबह की तेज वॉकिंग या दौड़ से शरीर जरूरी मात्र में ऑक्सीजन को ग्रहण कर लेता है। जिससे शरीर पूरे दिन हल्का महसूस होता है। कुछ योग क्रियाएं भी ऐसी हैं जो शरीर को प्रचुर मात्र में आक्सीजन देने के लिए उपयुक्त हैं, जैसे प्राणायाम, कपाल भांति आदि।
बचाव भी जरूरी
व्यायाम व योग के साथ हमे अपनी जीवन शैली को भी थोड़ा परिवर्तित करने की जरूरत है। जितना हो सके एयर कंडीशनर से बचने की कोशिश करें। सुबह देरी से उठने की आदत को त्यागें। दैनिक व्यायाम को गंभीरता से लें। इसके साथ-साथ तले हुए भोजन से भी बचना चाहिए।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
व्यायाम को दिनचर्चा का हिस्सा बनाना बहुत जरूरी है। योग और व्यायाम से शरीर में ऑक्सीजन की कमी को पूरा किया जा सकता है। ऑक्सीजन की कमी होने से शरीर में थकान महसूस होती है।
डॉ. अरविंद गुप्ता, फिजीशियन