Pariwar Paramarsh Kendra: 'सेल्फ डिपेंड बनूंगी तभी रहूंगी घर', आखिरकार पति ने मानी पत्नी की शर्त
Pariwar Paramarsh Kendra तीन साल में ही शादी के रिश्तों में दरार आ गई। उच्च शिक्षित पत्नी के नौकरी करने पर पति को था एतराज। स्मार्ट लेकर दे रखा था कीपैड वाला मोबाइल। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर ने कराई सुलह।
आगरा, जागरण संवाददाता, (अली अब्बास)। शादी के बाद उच्च शिक्षित पत्नी को आत्मनिर्भर बनने के लिए पति को एतराज था। उसे पत्नी का नौकरी करना पसंद नहीं था। पत्नी ने नौकरी करने का प्रस्ताव रखा तो इंकार कर दिया। उसका स्मार्ट फोन छीनकर कीपैड वाला मोबाइल दे दिया। जिससे दंपती में रार हो गई। नाराज पत्नी मायके चली आई। पुलिस में शिकायत कर दी। काउंसलिंग में पति ने पत्नी के आत्मनिर्भर बनने की राह में बाधा नहीं बनने का अाश्वासन दिया। जिसके बाद पत्नी उसके साथ चलने को राजी हुई।
तीन साल पहले हुई थी शादी
पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में दंपती का मामला पहुंचा। शहर के रहने वाले दंपती की शादी तीन साल पहले हुई थी। पत्नी ने काउंसलर को बताया कि पति एक फैक्ट्री में काम करते हैं। वह भी उच्च शिक्षित है। पति के वेतन से घर चलाने में समस्या आ रही थी। उन्होंने पति से कहा कि वह भी घर चलाने में मदद करना चाहती है। एक बच्चा भी है, आगे चलकर उसकी पढ़ाई का खर्चा भी आएगा। पत्नी के पास कई स्कूल में अध्यापन के प्रस्ताव थे। पति को पसंद नहीं था कि पत्नी नौकरी करने जाए। पति ने इंकार कर दिया।
स्मार्ट फोन छीनकर दे दिया कीपैड वाला मोबाइल
पत्नी ने आरोप लगाया कि पति ने उसका स्मार्ट फाेन भी ले लिया। उसे साधारण कीपैड वाला फोन पकड़ा दिया। जबकि वह इंटरनेट पर अपनी पढ़ाई से संबंधित चीजों को सर्च करके खुद को अपडेट करती थी। स्मार्ट फोन पति द्वारा न देने से उसकी पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं, पति का कहना था कि पत्नी घर और बाहर दोनों जिम्मेदारी किस तरह से उठाएगी। इसी के चलते उसने नौकरी से मना किया था।
ये भी पढ़ें...
पत्नी ने कहा कि वह दोनों जिम्मेदारी उठा लेगी। वह आत्मनिर्भर बनना चाहती है, पति इस शर्त काे मानेगा तभी उसके साथ जाएगी। पति द्वारा शर्त मानने पर पत्नी उसके साथ घर चलने काे राजी हुई।