आगरा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, सस्ते लोन का झांसा देकर फंसाते थे अमेरिकी नागरिक; रात में करते थे कॉल
आगरा पुलिस को इनपुट मिला था कि अमेरिका के नागरिकों को ठगा जा रहा है। पुलिस ने फर्जी काल सेंटर कार्रवाई की। सिकंदरा इलाके में खोल रखा था काल सेंटर। विदेशियों के बैंक में पैसे क्रेडिट करा करते थे ठगी। बिटक्वाइन में मंगाते थे ठगी की रकम।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा पुलिस ने विदेशियों से ठगी करने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित सिकंदरा क्षेत्र में काल सेंटर चला रहे थे। गिरोह अमेरिका के लोगों की बैंक डिटेल हासिल करते थे। उनके खाते में कैश क्रेडिट करा देते थे। इसके बाद अमेरिकी एजेंसी को फोन करते की खाते में गलत ट्रांजेक्शन हो गया है। अमेरिकी बैंक खाताधारक का खाता फ्रीज कर देती थी। गिरोह खाता धारक को अपने जाल में फंसाते। उससे संपर्क कर के कहते कि ये कैश उन्होंने जमा कराया था। खाता धारक से रकम दूसरे खाते में जमा करा लेते थे। वह अमेरिका से ठगी की रकम को बिटक्वाइन में मंगाते थे।
पुलिस उपायुक्त विकास कुमार ने बताया कि मामले में अमेरिकी दूतावास को भी अवगत कराया गया है। अमेरिका में भी कुछ लोगों के धोखाधड़ी करने वाले गिरोह से संपर्क होने अनुमान है।
गिरोह का सरगना अनुराग प्रताप है। उसके अलावा शिवम सागर, आशीष, अभिषेक चाहर, अभ्युदय फौजदार, विलियम दास और यश पाराशर को गिरफ्तार किया है।