TrumpVisitIndia: ताजगंज के बाशिंदों की बढ़ गईं मुश्किलें, बंद हुआ वाहनों का प्रवेश Agra News
ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट से दोपहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। पास धारकों को भी हो रही मुश्किल।
आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ताज भ्रमण के लिए आगरा दौरा यहां के बाशिंदों के लिए बड़ी मुश्किल बन गया है। राष्ट्रपति ट्रंप के 24 फरवरी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट की ओर से लगे बैरियर से ही दो पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। पास धारकों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही। जिसके चलते इस परिक्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों की दैनिक गतिविधियां और आवाजाही वीवीआइपी दौरे के चलते प्रतिबंधित सी हाेे गई है। स्थानीय लोग बंधक जैसा महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रंप की विजिट के दौरान तीन घंटे के लिए पूरे क्षेत्र की इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
24 फरवरी को ट्रंप के आगमन को लेकर सुरक्षा के किसी भी इंतजाम में कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही। एक तरफ एक सप्ताह से शहर में डेरा डाले हुए अमेरिकी एडवांस टीम लगातार ट्रंप के रूट की निगरानी कर रही है। शुक्रवार को भी एयरपोर्ट से लेकर होटल तक और होटल से ताज महल की पूर्वी गेट तक का अमेरिकी टीम ने जायजा लिया।
फिलहाल एयरपोर्ट पर एडवांस टीम की बैठक पुलिस प्रशसन के साथ चल रही है। अमेेरिकी राष्ट्राध्यक्ष की सुरक्षा के चलते सारे इंतजाम किये जा रहे हैं। इसके चलते ही ताजमहल और ताजमहल के आसपास के पूरे क्षेत्र को अतिरिक्त निगरानी में रखा जा रहा है।
ताजनगरी पर रखी जा रही पेंटागन से निगाह
अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे से पहले वहां की सुरक्षा एजेंसियां आसमानी आंखों से निगरानी कर रही हैं। पांच दिन से ताजमहल और वीवीआइपी रूट के साथ-साथ पूरे शहर पर अमेरिकी सुरक्षा मुख्यालय पेंटागन से नजर रखी जा रही है। सेटेलाइट से स्क्रीनिंग के बाद ही रूट पर जैमर लगाने के प्वाइंट तय किए जाएंगे।
दौरे को लेकर अमेरिकी सुरक्षा मुख्यालय पेंटागन से भी सेटेलाइट से ताजमहल और पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है। इनसे स्क्रीनिंग करके रास्ते में इतने हाईटेक जैमर लगाए जाएंगे कि ड्रोन भी न उड़ सकें।
सत्यापन को बनाई 10 टीमें
रूट के आसपास के घरों के सत्यापन के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। एक बार पुलिस सत्यापन कर चुकी है। अब दोबारा सत्यापन किया जा रहा है। वहां रहने वाले प्रत्येक सदस्य की सूची बना रहे हैं। उनके नाम, मोबाइल नंबर, उम्र नोट कर रही हैं। जो पूर्व में जेल जा चुके हैं वे वर्तमान में क्या कर रहे हैं यह देखा जा रहा है।
पूरे शहर में खुफिया एजेंसी का जाल
अमेरिकी खुफिया एजेंसी के एजेंट पूरे शहर में फैल गए हैं। ये अलग-अलग वेश में लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।
250 छतों पर रहेंगे कमांडो
पुलिस ने अजीतनगर गेट से ताजमहल पूर्वी गेट तक 250 छतों को रूफ टॉप ड्यूटी केलिए चिन्हित किया है। सभी छतों पर कमांडो तैनात रहेंगे। जिनके पास दूरबीन रहेगी। कहां क्या चल रहा है वे इस पर नजर रखेंगे।