लाइन पर काम करते दो विद्युत कर्मचारियों की करंट से मौत
आगरा: खेरागढ़ के नगला कमाल में जगनेर रोड पर लाइन पर काम करते बिजली विभाग के कर्मचारियों की मौत हो गई। एक के शव को विद्युत पोल से कई घंटों की मशक्कत के बाद उतारा गया। ग्रामीणों ने लगाया सड़क पर जाम।
आगरा(जागरण संवाददाता): खेरागढ़ के नगला कमाल में जगनेर रोड पर लाइन पर काम करते बिजली विभाग के दो कर्मचारियों की करंट से मौत हो गई। पोल पर लटके एक कर्मचारी की लाश को काफी देर की मशक्कत के बाद उतारा जा सका। इससे मौके पर जुटे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने खेरागढ़- जगनेर रोड पर जाम लगा हंगामा कर दिया। रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर दी, इससे सवारियों में अफरातफरी फैल गई।
मामले के अनुसार नगला कमाल में विद्युत विभाग का कर्मचारी पूरन प्राइवेट काम करने वाले लुक्का के साथ शट डाउन लेकर काम कर रहा था। इसी दौरान किसी कर्मचारी ने फीडर से लाइन चालू कर दी। जिससे दोनों कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए। पोल पर काम करता कर्मचारी तारों पर झूल गया। वहा मौजूद ग्रामीणों में यह देख अफरातफरी मच गई। बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दे दी। पोल पर लटके लुक्का को एक घटे की मशक्कत के बाद किसी तरह नीचे उतारा जा सका। एम्बुलेंस को फोन किया तो वह भी देर से पहुंची। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इस बीच दोनो कर्मचारियों के परिजन भी वहा पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मुख्य मार्ग पर जाम लगा हंगामा कर दिया। सवारियों को लेकर आ रही एक रोडवेज बस पर पथराव करके तोड़फोड़ कर दी। बस में बैठी सवारियों में अफरातफरी और दहशत फैल गई। उन्होंने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। इसी बीच हादसे की जानकारी होने पर विद्युत विभाग का कर्मचारी विनोद मौके पर गया तो ग्रामीणों ने उसे लाठी और डंडो से पीट दिया। विनोद को घायल कर दिया।
खेरागढ़ और जगनेर मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई घटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण दोनों की मौत का जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को ठहरा रहे थे। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की माग कर रहे थे। पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा जाम खुलवाने की कोशिश जारी है।