विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा के पास टली बड़ी रेल दुर्घटना, ईदगाह-बांदीकुई मेमू का कोच बेपटरी, पांच घंटे बाधित रहा रेलवे ट्रैक

By Sumit Kumar Dwivedi Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 13 Oct 2026 10:12 PM (IST)

नदवई स्टेशन के पास मंगलवार सुबह ईदगाह-बांदीकुई मेमू ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया, जिससे करीब पांच घंटे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। नदवई स्टेशन के पास मंगलवार सुबह ईदगाह-बांदीकुई मेमू ट्रेन का एक कोच बेपटरी हो गया। घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन रेल यातायात करीब पांच घंटे बाधित रहा। इससे आगरा से बांदीकुई होकर जयपुर जाने वाली आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं। कई ट्रेनों को बयाना होकर चलाया गया।

गाड़ी संख्या 64621 ईदगाह-बांदीकुई मेमू सुबह करीब 11 बजे नदवई स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद, सुबह 11:06 बजे, नदवई-खेड़ली सेक्शन के किलोमीटर संख्या 96/08 पर एक कोच का पहिया पटरी से उतर गया। ट्रेन की गति कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी घटनास्थल पहुंचे।

डीआरएम गगन गोयल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एनसीआर मुख्यालय, प्रयागराज से भी अधिकारियों की टीम रवाना हुई। कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे की मेहनत के बाद पहिया पटरी पर चढ़ाया। सुबह करीब 11 बजे बाधित हुआ ट्रैक शाम करीब चार बजे फिर चालू किया जा सका। इस दौरान आगरा से बांदीकुई होकर जयपुर जाने वाला रेल मार्ग पूरी तरह बाधित रहा।

प्रभावित ट्रेनों को बयाना होकर जयपुर भेजा गया और जयपुर से आगरा आने वाली ट्रेनें भी इसी मार्ग से आईं। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 64622 बांदीकुई-ईदगाह मेमू निरस्त कर दी गई।

गाड़ी संख्या 22988 आगरा फोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस आगरा फोर्ट से भरतपुर, बयाना, सवाई माधोपुर और जयपुर होकर चलेगी। कई अन्य ट्रेनों का मार्ग भी बदला गया। गाड़ी संख्या 54355 बांदीकुई-बरेली पैसेंजर बांदीकुई स्टेशन से एक घंटा 45 मिनट देरी से रवाना हुई। गाड़ी संख्या 14864 जोधपुर-बनारस सिटी एक्सप्रेस को बांदीकुई स्टेशन पर शाम 4:30 बजे तक रोका गया।