Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dussehra 2022: आगरा में लेजर लाइट से होगा रावण के 100 फीट ऊंचे पुतले का दहन, देखें दशहरा पूजा का शुभ मुहूर्त

    By Sandeep KumarEdited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 05 Oct 2022 08:16 AM (IST)

    Dussehra 2022 आगरा के रामलीला मैदान में श्रीराम का बाण लगते ही नाभि से निकलेगी अमृतधारा धूं-धूं कर जल उठेगा रावण। सेंट जोंस कॉलेज चौराहा के पास वैश्य बोर्डिंग हाउस में 100 फीट के पुतले का होगा दहन।

    Hero Image
    Dussehra 2022: आगरा के रामलीला मैदान में रावण के पुतले को अंतिम रूप देते कलाकार।

    आगरा, जागरण संवाददाता। दशहरे पर रामलीला मैदान, वैश्य बोर्डिंग हाउस, आगरा कैंट, बल्केश्वर में बड़े, जबकि शहरभर में छोटे-छोटे रावण के पुतलों का दहन होगा। रामलीला मैदान में श्रीराम का बाण लगते ही लेजर लाइट से रावण का पुतला जल उठेगा और उसकी नाभि से अमृत और मुख से रक्त निकलेगा। वहीं, वैश्य बोर्डिंग हाउस में 100 फीट का पुतले का दहन होगा। शहर में अन्य स्थानाें पर भी पुतला दहन की तैयारी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दशहरा 2022 शुभ मुहूर्त और दुर्लभ योग

    विजय मुहूर्त- 4 अक्टूबर दोपहर 2 बजकर 13 मिनट से अगले दिन 5 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक

    श्रवण नक्षत्र - 04 अक्टूबर 2022 को रात 10:51 से शुरू होकर अगले दिन 5 अक्टूबर 2022 को रात 09:15 तक रहेगा

    रवि योग : 5 अक्टूबर को सुबह 06:30 से रात 09:15 तक।

    सुकर्मा योग : 4 अक्टूबर सुबह 11:23 से अगले दिन 5 अक्टूबर सुबह 08:21 तक।

    ये भी पढ़ेंः दशहरा पर बन रहा है दुर्लभ योग, जानिए विजयदशमी पर पूजन विधि

    40 दिन में तैयार हुआ पुतला

    रामलीला मैदान में रावण का पुतला मथुरा के कारीगर जाफर अली पिछले 40 दिन से अपने साथी अमीर अहमद, शाहरूख, नवाब, तोफीक के साथ तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दशहरे पर रावण के 100 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा, जो श्रीराम से युद्ध के समय अट्टहास करता नजर आएगा। इसे सुतली, वान, सूत, अवरी पेपर, अखबार, लेही आदि की मदद से बांस के फ्रेम पर तैयार कर रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी से सजाया गया है।

    दहन के लिए पुतले तैयार करते कारीगर। 

    50 वर्षों से बना रहे पुतला

    जाफर अली बताते हैं कि उनके दादा नूर पहलवान और मुगल पहलवान यहां रावण का पुतला बनाने आते थे। हम उनकी परंपरा निभाते आ रहे हैं। परिवार का यह पुश्तैनी काम है, उनके कुछ स्वजन मुंबई, फरीदाबाद, गुजरात आदि जगह पर पुतला बनाने जाते हैं।

    लेजर लाइट से होगा दहन

    रावण के पुतले का दहन इस बार लेजर लाइट से होगा। मुगल फायर वर्क्स के चमन मंसूरी ने बताया कि लेजर लाइट का प्रयोग इस तरह होगा कि श्रीराम के बाण लगते ही रावण की नाभि से अमृत और मुख से रक्त निकलेगा और वह जल उठेगा। पुतला दहन और आतिशबाजी करीब एक घंट तक चलेगी।

    सामाजिक संदेश देगी आतिशबाजी

    रामलीला महोत्सव के प्रचार मंत्री प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रीराम-रावण के युद्ध के दौरान आतिशबाजी का आकर्षक मुकाबला होगा। पीलीभीत और आगरा, पैंतिखेड़ा के आतिशबाज बेहतरीन आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करते हुए और मुख्यमंत्री योगी अयोध्या पर बोलते हुए नजर आएंगे। आतिशबाजी से नेत्रदान महादान, रक्तदान जैसे सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे।

    100 फीट का होगा पुतला

    वैश्य बोर्डिंग हाउस में रावण का पुतला मथुरा के कलाकार मुकेश अपने आठ साथियों के साथ बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि रावण का 100 फीट का पुतला 10 दिन में बनकर तैयार हुआ है। दहन से पूर्व रावण अट्टहास करता हुआ भगवान श्रीराम को युद्ध की चुनौती देगा। श्रीराम द्वारा वध करते ही जल उठेगा। करीब एक घंटे तक आतिशबाजी के बीच पुतला दहन चलेगा। इसे पहले अबरी पेपर से तैयार करते थे, इस बार हिल पेपर (सिल्वर पेपर) से तैयार किया है। वह पिछले कई सालों से यहां पुतला बनाते हैं, उनके स्वजन ने ऐसा ही पुतला कोटा में तैयार किया है।

    रेलवे संस्थान में भी पुतला दहन

    आगरा कैंट रेलवे संस्थान मैदान में चल रहे रामलीला महोत्सव में 20 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। मंच निर्देशक राकेश कन्नौजिया ने बताया कि पुतले को लीला का मंचन कर रहे कलाकारों ने ही अपने हाथों से तैयार किया है।

    पुतला दहन का समय

    − रामलीला मैदान

    − आतिशबाजी का मुकाबला : रात 10 बजे से।

    − रावण के पुतले का दहन: 10.30 से 11 बजे के बीच।

    − वैश्य बोर्डिंग हाउस में: करीब 10.30 बजे।

    − आगरा कैंट रेलवे संस्थान में: करीब 10.30 बजे।

    − मन:कामेश्वरनाथ मठ, पर्वतीय समाज और गढ़वाल भ्रातृ सम्मेलन की रामलीला में भी रावण के पुतले का दहन होगा।

    गली-मोहल्लों में हो रही तैयारी

    शहर व देहात तक गली-मुहल्लों में दशहरा पर रावण दहन होगा। बाजार में रेडीमेड रावण के पुतले उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 200 से दो और पांच हजार रुपये तक है। बच्चे खुद भी रावण के पुतले का निर्माण कर उसका दहन करेंगे।