सीवर लाइन और डक्ट के भराव में मिली लापरवाही
आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट फतेहाबाद रोड में हो रहा है दोनों का निर्माण दाराशॉ कंपनी को नोटिस जारी कार्य में सुधार की चेतावनी
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा स्मार्ट सिटी के कार्यो में लापरवाही बरती जा रही है। फतेहाबाद रोड में सीवर लाइन और डक्ट के आसपास बालू का भराव ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा। बालू के साथ मिट्टी मिलाकर डाली जा रही है। जांच में इसका पर्दाफाश हुआ। जिस पर दाराशॉ कंपनी को नोटिस जारी किया गया है।
आगरा शहर के नौ वार्डो को स्मार्ट तरीके से विकसित किया जा रहा है। पांच साल के भीतर दो हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी के तहत सौ करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण किया जा रहा है। कमिश्नरी से लेकर इनर रिग रोड तक डक्ट बनाई जा रही है। होटल ट्राइडेंट तिराहा से लेकर इनर रिग रोड तक सीवर लाइन बिछाई जा रही है। आगरा स्मार्ट सिटी की टीम ने दोनों ही कार्यो की जांच की। जांच में पाया कि सीवर लाइन और डक्ट के आसपास बालू का भराव ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा। कई जगहों पर बालू के बदले मिट्टी डाल दी गई। नियमों को दरकिनार करते हुए भराव करने पर दाराशॉ कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। समय पर जवाब नहीं दिया तो कार्रवाई हो सकती है। आगरा स्मार्ट सिटी एक नजर में
- केंद्र सरकार ने दूसरे चरण में आगरा का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया था।
- नौ जनवरी 2017 को आगरा स्मार्ट सिटी प्रा. लि. का गठन किया गया।
- दाराशॉ कंपनी का प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट में चयन हुआ।
- 14 सितंबर, 2017 से कंपनी ने कार्य शुरू किया।
- अब तक कुल 23 डीपीआर बन चुकीं हैं।