कासगंज में अराजकता फैलाने का प्रयास, शराबी की ये हरकत बनी सनसनी की वजह Agra News
कासगंज के भैंसोरा की घटना। दौड़ा प्रशासनिक अमला। शराबी ने शनिदेव की मूर्ति तोड़ फैलाई सनसनी।
आगरा, जेएनएन। कोतवाली कासगंज क्षेत्र के गांव भैंसोरा में एक शराबी की हरकत से सनसनी फैल गई। युवक ने नशे मे भगवान शनिदेव की मूर्ति तोड़ दी। जानकारी मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर भी मौके पर दौड़ पड़े। आनन-फानन में खंडित मूर्ति को गंगाजी में विसर्जन के लिए भिजवाया तथा नई मूर्ति मंगवाने की व्यवस्था की। आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है।
अमरपुर रोड स्थित भैंसोरा बुजुर्ग एवं भैंसोरा खुर्द गांव की सीमा पर श्रीभूतेश्वर हनुमान मंदिर है। मंदिर में भगवान हनुमान एवं शनिदेव महाराज का मंदिर है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने जब यहां पर शनिदेव महाराज की मूर्ति को टूटा देखा तो आक्रोश फैल गया। खबर मिलने पर प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। डीएम सीपी सिंह ने एसडीएम ललित कुमार के साथ में तहसील की टीम को मौके पर भेजा। इधर सीओ सीपी सिंह एवं एसओ डीके द्विवेदी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की पड़ताल में जानकारी मिली मंदिर के बाहर ही कासगंज के शांतापुरी निवासी मनोज ठेल लगाता है। रात में उसने शराब के नशे में मूर्ति को तोड़ दिया। गांव के दो लोगों द्वारा उसे मंदिर से भगाने की जानकारी मिलने पर इन्हें भी हिरासत में ले लिया। इधर मनोज को भी पुलिस ने कासगंज से हिरासत में ले लिया। खंडित मूर्ति को विसर्जन के लिए तहसीलदार की गाड़ी में रखवाकर गंगाजी पर भेजा। इधर नई मूर्ति मंगवाने की तैयारी की। तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
डीएम लेते रहे पल-पल की जानकारी
मूर्ति तोड़ने के बाद में डीएम भी पल-पल पर एसडीएम एवं सीओ से जानकारी लेते रहे। उन्होंने जल्द से जल्द मूर्ति मंगवाकर मूर्ति लगवाने की व्यवस्था के आदेश दिए।