यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pantoon Bridge in Agra: आगरा में पैटून पुल बनने से सीधे शहर से जुड़ेंगे दर्जनों गांव, तेजी से चल रहा यहां काम
Pantoon Bridge in Agra किसानों छात्रों को हो जाएगी राहत। बाजार पहुंचने की हाेगी सुविधा। बारिश के कारण पैटून पुल ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। खंदौली क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को शहर से सीधे जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पैटून पुल का निर्माण कराया जा रहा है। मानसून के कारण लंबित हुए पुल की प्रक्रिया चल रही है। इसमें से एक का कार्य आधे से अधिक हो चुका है, जबकि दूसरे का निर्माण भी शुरू हो गया है। बारिश के दिनों में सुरक्षा की दृष्टि से तीन महीने के लिए बने हुए पैटून पुलों को भी हटा दिया जाता है। दोनों पैटून पुल का नवंबर के अंत तक कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
विधायक रामप्रताप सिंह चौहान के प्रयास से नगला चतुरा से सिकंदरपुर, गिजौली से अानंदी भैरो दो पैटून पुल तैयार हो रहे हैं। नगला चतुरा से सिकंदरपुर के लिए पैटून पुल फरवरी में स्वीकृत हुआ था। इससे आस-पास के गांव के किसानों, छात्रों के लिए आगरा की दूरी 22 किलोमीटर से घटकर 12 किलोमीटर रह जाएगी। इसका निर्माण कार्य सप्ताहभर में पूरा हो जाएगा। वहीं गिजौली से अानंदी भैरो के मध्य बनने वाले पुल से आगरा आने वाले किसानों के लिए दूरी 32 से घटकर 15 किलोमीटर रह जाएगी। इसका कार्य भी आरंभ हो गया है। खंदौली क्षेत्र को दयालबाग क्षेत्र से सीधे जोड़ने वाले इन दोनों पुल का मानूसन के कारण कार्य नहीं हो पा रहा था। गिजौली पैटून पुल के लिए 73 लाख और चतुरा पैटून पुल के लिए 68 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन पुल के बनने से बाजार करने और व्यापार करने आने वालों को विशेष लाभ मिलेगा।
बारिश के कारण पैटून पुल का कार्य लंबित हुआ था। नगला चतुरा पुल तैयार होने वाला है, जबकि गजौली पैटून पुल का काम भी तेजी से चल रहा है। नवंबर में दोनों पुल का निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य है। इससे दर्जनों गांव के लोगों को लाभ मिलेगा।
रामप्रताप सिंह चौहान, विधायक
इन गांवों को मिलेगा लाभ
- नगला चतुरा से सिकंदरपुर तक बनने पाले पुल से नगला चतुरा, खंदौली, मलूपुर खेड़ा, हाजीपुर, मदनपुर, सराय दायरूपा, सोनिगा, डेरा बंजारा सहित करीब एक दर्जन गांवों के लोगो को फायदा मिलेगा।
- गिजोली से आनंदी भैरो तक बनने वाले पुल से गिजोली, धिगरोली, नगला भवानी, सौराई, पेतखेड़ा, मादोर, पर्वतपुर, भूड़, नगरिया सहित कई अन्य गांवो के लोगों को फायदा मिलेगा।
पैटून पुलस से आगरा जाने की दूरी घट जाएगी। समय बचेगा और अासानी से कार्य भी हो सकेगा।
योगेश, गिजौली
पुल का निर्माण हो रहा है, लेकिन काम समय से समाप्त हो जाए तो जल्द लाभ होगा। इससे लंबी दूरी घट जाएगी।
गजेंद्र, नगला चतुरा
