विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिवाली-छठ पूजा के लिए 71 स्पेशल ट्रेन: यात्रियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा, CCTV से सुरक्षा

Published: Sat, 07 Nov 2026 08:29 AM (IST)

इन ट्रेनों के माध्यम से दिल्ली, मुंबई सहित कई शहरों के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिलेगी, जिसमें ऑनलाइन बुकिंग और सीसीटीवी निगरानी भी शामिल है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. आगरा मंडल चलाएगा 71 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें।

  2. यात्रियों की सुरक्षा हेतु सीसीटीवी और आरपीएफ तैनात।

  3. ऑनलाइन बुकिंग और अतिरिक्त टिकट काउंटर सुविधा।

जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा मंडल 71 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके साथ ही यात्रियों की मांग और जरूरत के अनुसार कुछ नियमित ट्रेनों का विस्तार भी किया जा रहा है। इनके अलावा यात्रियों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।

ट्रेनों का संचालन आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, ईदगाह, मथुरा जंक्शन और धौलपुर से किया जा रहा है। इनके माध्यम से दिल्ली, मुंबई, बांद्रा टर्मिनस, सूरत, पटना, बनारस, अहमदाबाद, सियालदह और जोधपुर सहित देश के विभिन्न शहरों के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिल रही है। यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और ऑनलाइन बुकिंग सुविधा दी गई है। कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं का निदान किया जाएगा।

स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में प्रवेश कराया जा रहा है।

आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर बनाए विशेष होल्डिंग एरिया

इसके अलावा मंडल के समपार फाटकों पर आरपीएफ कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती की गई है। प्लेटफार्मों पर पर्याप्त संख्या में आरपीएफ जवानों, महिला बल सदस्यों और पर्यवेक्षकों को भी लगाया गया है। राजकीय रेल पुलिस के समन्वय से ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, सिलेंडर, पेट्रोल, केरोसिन, अल्कोहल और अन्य प्रतिबंधित संवेदनशील वस्तुओं के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

भीड़ देखते हुए स्पेशल ट्रेन 

दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे द्वारा दो जोड़ी पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे झांसी मंडल के साथ आगरा और मथुरा के यात्रियों को भी दिल्ली आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। इनमें दो ट्रेन अनारक्षित और अन्य दो आरक्षित विशेष ट्रेनें होंगी। दोनों सेवाएं झांसी और ललितपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित की जाएंगी। पहली ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित पूजा विशेष ट्रेन होगी। इसका संचालन छह फेरों में किया जाएगा।

झांसी से यह ट्रेन सात, आठ, नौ, 11, 12 और 13 नवंबर को चलेगी, जबकि वापसी में हजरत निजामुद्दीन से आठ, नौ, 10, 12, 13 और 14 नवंबर को इसका संचालन होगा।

दूसरी ट्रेन ललितपुर–हजरत निजामुद्दीन आरक्षित पूजा विशेष ट्रेन होगी। इसका संचालन एक-एक फेरे में किया जाएगा। ललितपुर से यह ट्रेन 10 नवंबर को और वापसी में हजरत निजामुद्दीन से 11 नवंबर को चलेगी।

यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पूजा पर गाजियाबाद स्टेशन की सुरक्षा सख्त, 100 अतिरिक्त जवान तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

यह भी पढ़ें- यूपी परिवहन विभाग का तोहफा, दिवाली-छठ पूजा के लिए दिल्ली-गोरखपुर रूट पर अतिरिक्त बसें होंगी संचालित

सीसीटीवी से निगरानी

आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में जूनियर स्केल अधिकारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, ईदगाह और आगरा फोर्ट पर वाणिज्य विभाग के सुपरवाइजरों, कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षकों और कांस्टेबलों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम के माध्यम से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान, प्लेटफार्म परिवर्तन और अन्य जरूरी सूचनाओं का लगातार प्रसारण किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।