देवोत्थान एकादशी से गूंजेंगी शहनाइयां, इस साल शादी के सिर्फ 11 शुभ मुहूर्त; जानिए तारीखें
देवोत्थान एकादशी के साथ आगरा में विवाह समारोहों का इंतजार खत्म हो रहा है, लेकिन इस साल नवंबर और दिसंबर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। चार महीने से मांगलिक मुहूर्त की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। देवोत्थान एकादशी के साथ आगरा में एक बार फिर शहनाइयां गूंजेंगी और विवाह समारोहों की धूम शुरू होगी। मैरिज होम की जगमगाती सजावट, घोड़ी पर सवार दूल्हे, बारातों की चहल-पहल और मंगल गीतों से शहर का माहौल उत्सवी होने वाला है।
भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का मार्ग खुलेगा। हालांकि, इस बार सहालग का समय सीमित है। वर्ष 2026 के नवंबर और दिसंबर में विवाह के सिर्फ 11 शुभ मुहूर्त हैं। यही वजह है कि विवाह वाले परिवारों से लेकर कारोबारियों तक ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
ज्योतिषाचार्य पंडित चंद्रेश कौशिक के अनुसार, नवंबर में विवाह के चार शुभ मुहूर्त 21, 24, 25 और 26 नवंबर को हैं। वहीं दिसंबर में दो, तीन, चार, पांच, छह, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के कुल सात योग बन रहे हैं। 12 दिसंबर वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त होगा। इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होने पर विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। खरमास की अवधि मकर संक्रांति तक रहेगी।
मैरिज होम से हलवाई तक, कारोबारियों की बढ़ी व्यस्तता
सहालग शुरू होने से पहले ही आगरा में विवाह कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के यहां तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के मैरिज होम, बैंक्वेट हाल और होटलों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। कैटरिंग संचालकों, हलवाइयों, टेंट हाउस, डेकोरेटर्स, बैंड-बाजा और घोड़ी संचालकों के यहां भी तारीखें तेजी से बुक हुई हैं।
मुख्य 11 सहालग में कई बैंड, घोड़ी और हलवाई संचालकों को दो से तीन शिफ्ट में काम करना पड़ेगा। विवाह समारोहों के मेन्यू, सजावट, लाइटिंग और मेहमानों के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बाजारों में भी शादी की खरीदारी ने पकड़ी रफ्तार
विवाह सीजन का असर कपड़ा, आभूषण, जूते, सौंदर्य प्रसाधन और उपहारों के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। दूल्हा-दुल्हन के परिधान, शादी के कार्ड और घरों की सजावट से जुड़ी खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। सीमित मुहूर्त के कारण कम दिनों में अधिक विवाह समारोह होने से कारोबारियों को भी अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
भगवान विष्णु के जागरण से शुरू होंगे मांगलिक कार्य
ज्योतिषाचार्य गुंजन के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं।
इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है। देवोत्थान एकादशी के साथ विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्य शुरू होते हैं। इस दिन घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह का भी विधान है।
ब्रज की परंपरा में शंख-घंटों के जगाते हैं देव
आगरा और ब्रज क्षेत्र में देवोत्थान एकादशी की विशेष धार्मिक परंपरा है। इस दिन शाम को घरों के आंगन और पूजा स्थल पर गेरू व चावल के आटे से चौक बनाकर भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाए जाते हैं। इसके बाद शंख, घंटा और थाली बजाकर उठो देव, बैठो देव... जैसे पारंपरिक लोकगीतों के साथ भगवान को जगाया जाता है। पूजा में नया गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, आंवला, बेर और गुड़ (नेवान) अर्पित करने का विधान है।
तुलसी-शालिग्राम विवाह : 20 नवंबर को सजेगा मंडप
देवोत्थान एकादशी और द्वादशी पर तुलसी महारानी एवं भगवान शालिग्राम के विवाह की परंपरा है। आगरा के मंदिरों और घरों में गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी का शृंगार किया जाता है और विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इस वर्ष तुलसी-शालिग्राम विवाह 20 नवंबर को शाम को मनाया जाएगा।
स्थानीय पंचांग के अनुसार, शाम 5:24 से 7:45 बजे तक विवाह और पूजन का श्रेष्ठ मुहूर्त है। वहीं, द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे से शुरू होकर 22 नवंबर को सुबह 4:56 बजे तक रहेगी। 21 नवंबर को प्रदोष काल में शाम 5:07 से 7:44 बजे तक तुलसी विवाह का मुहूर्त भी रहेगा। श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार इस दिन भी विवाह संपन्न करा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।