आगरा में डिप्टी सीएम ने 4.62 अरब की जिला योजना पर लगाई मुहर Agra News
डिप्टी सीएम डाॅ दिनेश शर्मा ने की जिला योजना की बैठक। सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर के लिए खुश खबरी है। शनिवार दोपहर आगरा आए उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने 4.62 अरब की जिला योजना पर मुहर लगा दी। इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक और सांसद अपने बूथ पर पांच दंपति चुनें। उन्हें सदस्य बनाएं और उनसे उनके बेटा या बेटी के नाम से एक पाैधा जरूर लगवाएं।
उपमुख्यमंत्री दोपहर में खेरिया एयर पोर्ट पर पहुंचे थे। यहां से सीधे जयपुर हाउस स्थित महाजनगर भवन में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पटका पहनाकर लोगों को सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दाैरान पार्टी की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश भर में 1.63 लाख बूथ हैं। लोकसभा चुनावों में पार्टी में 1.33 लाख बूथों पर पार्टी जीती है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता होने का हमें गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में मंत्री, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में जुटे हुए हैं। हर बूथ को मजबूत बनाने की जरूरत है। जाति बंधन तोड़कर सभी वर्ग के लोगों को सदस्यता दिलानी होगी। कार्यक्रम के दाैरान उपमुख्यमंत्री ने चार लोगों को पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई और मिस कॉल कर एक सदस्य बनाया। इसके बाद डिप्टी सीएम विकास भवन जिला योजना की समीक्षा बैठक में पहुंचे। यहां पत्रकारों के वार्ता करते हुए कहा कि इस बार भाजपा को पिछली बार से अधिक वोट मिले हैं। पिछली बार 17 करोड़ वोट मिले थे। इस बार करीब 23 करोड़ वोट मिले हैं। इस दौरान पत्रकारों ने शनिवार सुबह टोल प्लाजा पर हुए सांसद रामशंकर कठेरिया वाले प्रकरण के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले की जानकारी नहीं है।