महाराणा प्रताप को भूले, अकबर-बाबर बन गए महान
जागरण संवाददाता, आगरा: उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा ने रविवार को यहां
जागरण संवाददाता, आगरा: उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा ने रविवार को यहां कहा कि आक्रांताओं ने हमारे देश को लूटा। अंग्रेजों ने साहित्य को विकृत करने का प्रयास किया। हमारी शिक्षा में अकबर और बाबर महान बन गए। महाराणा प्रताप ने कैसे घास की रोटी खाई, ये भूल ही गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इतिहास के पुनर्लेखन की आवश्यकता है।
भारतीय शिक्षण मंडल के कार्यक्रम शिरकत करने आए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया भारतीय पद्धति को अपना रही है। हमारे धर्म व्यवस्था के आचरण को मान दूसरे देश प्रगति कर रहे हैं। हमारे छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है। हमें समाज को तनावमुक्त छात्र और गुणवत्तापरक शिक्षक देने हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए सरकार संस्कृत बोर्ड की स्थापना कर रही है। नकलविहीन शिक्षा के लिए भी काम हो रहा है। उन विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिनमें फर्नीचर पूरा होगा।
हस्ताक्षर नहीं करते थे शिक्षक, अब लगानी पड़ रही बॉयोमैट्रिक: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कभी शिक्षक स्कूल में हस्ताक्षर तक नहीं करते थे। आज बॉयोमैट्रिक हाजिरी लगानी पड़ रही है। प्राइमरी के कुछ शिक्षकों की तो अपनी जगह दूसरों को पढ़ाने भेजने की शिकायत है। अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
मेडिकल टूरिज्म हब बनाएंगे आगरा: उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मीडिया को बताया कि आगरा श्रेष्ठ है, उसको सर्वश्रेष्ठ बनाना है। इसके लिए एजूकेशन और मेडिकल हब बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। देश और विदेश का पर्यटक ताजमहल के दीदार को आता है, हम मेडिकल टूरिज्म की दिशा में कार्य कर आगरा को बेहतर बना सकते हैं। इसके लिए पीपीपी मॉडल पर भी काम किया जाएगा। बताया कि बिजली से जुड़ी समस्याएं आई हैं, जिसमें टोरंट से समन्वय बनाने को कहा है। सफाई व्यवस्था को लेकर प्रमुखता से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
व्यापारी सुरक्षा को लगेंगे सीसीटीवी कैमरे: उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई है। व्यापारियों की सुरक्षा के लिए मुख्य बाजार में सीसीटीवी लगाए गए हैं। अक्टूबर तक 400 और सीसीटीवी लगा दिए जाएंगे।
प्रदेशभर के विवि में चलेंगे डीईआइ के कोर्स: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को शिक्षा के साथ ही प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। डीईआइ में विजिट के दौरान कई ऐसे कोर्स की जानकारी हुई है, जिन्हें दूसरे विवि में संचालित कराया जाएगा।
एसएन में मिलीं खामियां: उपमुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में गर्ल्स हॉस्टल में चार में से एक ही टॉयलेट सही था। एनआइसीयू का दरवाजा टूटा था। बाल रोग विभाग में सीढि़यां टूटी थीं। सुधार के लिए डीएम को निर्देशित किया गया है।
स्मार्ट सिटी, अमृत योजना को होगा दूसरी योजना से तालमेल: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना और अमृत योजना का दूसरी योजनाओं से समन्वय के साथ काम होगा। वहीं सीवेज और जलापूर्ति की डीपीआर तैयार हो चुकी है।