ताजमहल की खूबसूरती पर फिदा हुए डेनमार्क के प्रधानमंत्री
1.30 घंटे तक ताजमहल में रहे, प'चीकारी के बारे में जानकारी ली, 11:30 बजे आगरा किला पहुंचे, मुगल इतिहास के बारे में पूछताछ की
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल की पच्चीकारी ने डेनमार्क के प्रधानमंत्री लोक्के रोस्मुसेन का मन मोह लिया। उन्होंने पत्नी सोलरुन के साथ कोहरे की चादर लपेटे ताजमहल का दीदार किया।
रविवार सुबह छह बजे डेनमार्क के प्रधानमंत्री रोस्मुसेन, उनकी पत्नी सोलरुन के साथ होटल मुगल से ताज के लिए रवाना हुए। कड़ी सुरक्षा के साथ उनकी फ्लीट शिल्पग्राम पहुंची। यहां से गोल्फ कार्ट में बैठकर वह ताज पहुंचे। ताज के रॉयल गेट पर कदम रखते ही सामने कोहरे के बीच धुंधला ताज नजर आया। ताज को देखते ही वह इसकी खूबसूरती में खो गए। पत्नी संग कुछ देर वहीं खड़े रहे, वीडियो प्लेटफॉर्म पर पत्नी और दल के साथ फोटो खिंचवाए। डायना बेंच पर भी फोटो खिंचवाए और मुख्य मकबरे तक पहुंच गए। मकबरे में वे करीब 10 मिनट रहे, मोहब्बत की बेजोड़ इमारत के इतिहास के बारे में जाना, उन्होंने ताजमहल की पच्चीकारी और संरक्षण को सराहा। मुगल शासकों और मस्जिद के बारे में जानकारी ली। वह करीब 8.15 बजे ताजमहल से होटल मुगल के लिए रवाना हो गए। विजिटर बुक में लिखा 'जस्ट वन वर्ड ब्यूटीफुल'
डेनमार्क के प्रधानमंत्री ताज की खूबसूरती को देख इतने अभिभूत हो गए कि उसकी खूबसूरती को शब्दों में बयां नहीं कर सके। विजिटर बुक में उन्होंने 'जस्ट वन वर्ड ब्यूटीफुल' लिख ताज की तारीफ की।
कभी शर्माती को कभी मुस्कुराती नजर आई सोलरुन
-प्रधानमंत्री लोक्के रोस्मुसेन ने पत्नी सोलरुन रोस्मुसेन के साथ डायना बेंच पर फोटो सेशन कराया। फोटो सेशन के दौरान पीएम लोक्के रोस्मुसेन कभी ताजमहल को निहार रहे थे तो कभी एक नजर सोलरुन रोस्मुसेन को टकटकी लगाकर मुस्कुरा रहे थे। ऐसे में सोलरुन रोस्मुसेन भी शर्माती तो कभी मुस्कुराती नजर आई।
ढाई घंटे बंद रहा ताज, पर्यटक हुए परेशान
- वीवीआइपी विजिट के कारण रविवार को ताजमहल को पूर्व कार्यक्रम के तहत सूर्योदय से आठ बजे तक बंद किया जाना था। डेनमार्क के प्रधानमंत्री करीब दो घंटे तक ताज में रहे। इस दौरान ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश बंद रहा। ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर पर्यटकों की भीड़ जमा हो गई।
डेढ़ घंटे आगरा किला का किया दीदार
-ताजमहल के बाद रोस्मुसेन पत्नी के साथ आगरा किला भी पहुंचे। 11.30 बजे इनका काफिला आगरा किला पहुंचा। आगरा किला में दीवान ए आम, दीवान ए खास, जहांगीरी महल का दीदार किया। जहांगीर के सिंहासन से ताज को निहारा। लोक्के रोस्मुसेन ने पत्नी के साथ यहां सेल्फी भी लीं। करीब डेढ़ घंटे तक रुकने के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान आगरा किला आम पर्यटकों के लिए बंद रहा।
बाजार रहे बंद
पर्यटकों की भीड़भाड़ के कारण ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित बाजार सुबह ही खुल जाता है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित बाजार सुबह नहीं खुले। पूर्वी और पश्चिमी गेट के 500 मीटर दायरे में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। पार्किंग के पास ही बेरिकेटिंग से आगे किसी को नहीं जाने दिया। ताजमहल से प्रधानमंत्री की फ्लीट गुजरने के बाद ही बाजार खुल सके।