विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधी रात... आगरा की सुनसान सड़क पर बदहवास युवती, दिल्ली से लाई गई थी स्पा सेंटर में नौकरी के बहाने

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 19 Oct 2026 05:44 PM (IST)

आगरा में देर रात एक 19 वर्षीय युवती बदहवास हालत में सुनसान सड़क पर मिली, जिसे दिल्ली से स्पा में ...और पढ़ें

रविवार आधी रात युवती के मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और भीड़।

रविवार आधी रात युवती के मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और भीड़।

जागरण संवाददाता, आगरा। एकता थाना क्षेत्र में रविवार की रात 12 बजे सौ फुटा रोड पर 19 वर्ष की युवती बदहवास हालत में घूमती मिली। वह लांग शर्ट और नेकर पहने हुए थी। होटल से ड्यूटी करके लौटते युवकों की नजर युवती पर पड़ी। उन्हाेंने युवती को विश्वास दिलाया कि वह छोटी बहन की तरह है, परेशान न हो पूरी बात बताए। इसके बाद युवकों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद युवती के चेहरे से डर के भाव कम हुए।

उसने अपनी पूरी कहानी बताई। घटना रविवार की रात लगभग 12 बजे की है। पंचवटी के पास रहने वाले तीन युवक होटल से नाइट शिफ्ट करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान युवकों की नजर सौ फुटा रोड पर अकेली दिखाई दी, उसके पैरों में चप्पल नहीं थी। वह लांग टी शर्ट और नेकर पहने हुए थी। युवती काफी डरी हुई दिखाई दे रही थी। युवकों ने उसके पास जाकर बात करने का प्रयास किया तो वह दूर चली गई।

जिससे युवकों काे शक हुआ कि वह किसी परेशानी में है। उन्होंने युवती के पास जाकर कहा कि वह खुद को सुरक्षित समझे, जिस पर युवती ने कहा कि उसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर लेकर चलें। युवक उसे पंचवटी कालोनी के पास लेकर आए, पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने युवती को महिला थाने भेज दिया। बातचीत करने पर युवती ने बताया कि वह दिल्ली में नेहरू प्लेस की रहने वाली है, दिल्ली में एक महिला के स्पा में काम करती थी। स्पा संचालिका उसे यहां पर अच्छा वेतन मिलने की कहकर लायी थी। रविवार की शाम को वह महिला के साथ यहां आयी थी। वह जहां काम के लिए गई तो वहां का माहौल अच्छा नहीं लगा।

जिस पर वहां से निकल आई। शहर में अनजान हाेने के चलते वह किसी पर भरोसा नहीं कर सकती थी। इसलिए वह कैब बुक करके दिल्ली लौटना चाहती थी। युवती ने बताय कि वह अपने घर जाना चाहती है। युवती ने बताया कि परिवार में माता-पिता और छोटा भाई है। मां भी नौकरी करती है। थाना प्रभारी एकता सौरभ सिंह ने बताया कि स्वजन से संपर्क करके युवती की मां आयी थी। युवती को मां की सिपुर्दगी में दिया गया है।