आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति, NH-19 पर भारी वाहनों की नो एंट्री और नए ट्रैफिक नियम
आगरा में जाम और हादसों को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके अतिरिक्त, शहर में हल्के और भारी वाहनों के लिए गति सीमा निर्धारित की गई है और कई मार्गों पर नो-एंट्री व वन-वे व्यवस्था लागू की गई है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आए दिन जाम और हादसों के चलते पुलिस-प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत हाईवे पर रैपुरा जाट से कुबेरपुर के बीच सुबह पांच से रात 11 बजे तक भारी वाहनों को नहीं आने दिया जाएगा। इससे जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही हादसों पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।
वहीं, नगर निगम की सीमा में चलने वाले हल्के वाहनों के लिए भी गति सीमा निर्धारित की गई है। डीसीपी यातायात ज्ञानेंद्र ने बताया कि नगर निगम के सीमा क्षेत्र में हल्के माल वाहक वाहन 50 किमी प्रति घंटा एवं भारी वाहन 40 किमी प्रति घंटा की गति से तेज नहीं चलेंगे।
डीसीपी ने बताया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। उत्तरी बाइपास से वाहन गुजारने के लिए मथुरा पुलिस का सहयोग लिया जाएगा। नई व्यवस्था तीन दिन में लागू हो सकती है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर नो एंट्री का समय
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भारी वाहनों के लिए नो एंट्री रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक खोली जाएगी। अभी तक हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर कोई रोक नहीं थी। यह व्यवस्था धार्मिक आयोजनों के समय की जाती थी। हाईवे पर भीषण जाम और हादसों को रोकने के लिए की गई है।
- यमुना किनारा मार्ग पर भी नो एंट्री का समय निर्धारित किया गया है। रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक ही इस मार्ग पर माल वाहक भारी वाहन चल सकेंगे। इससे पहले रात दस बजे से सुबह छह बजे तक के लिए नो एंट्री खुलती थी।
- भारी वाहनों को कुबेरपुर से यमुना एक्सप्रेस वे और इनर रिंग रोड होकर गुजारा जाएगा।
- अलीगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को भी रामबाग की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। खंदौली मुंडी चौराहा होकर वाहनों को गुजारा जाएगा।
- एमजी रोड पर भगवान टॉकीज से रोहता नहर के बीच नो एंट्री के समय भारी वाहन नहीं आएंगे।
- माॅल रोड क्लब चौराह से रमाडा अंडरपास के बीच भारी वाहन नहीं आएंगे।
शहरी सीमा में टैक्टर ट्राॅली पर प्रतिबंध
शहरी सीमा में नो एंट्री के समय सुबह पांच से रात 11 बजे तक ट्रैक्टर-ट्राली का प्रवेश वर्जित किया गया है। ट्रैक्टर ट्राली निम्न स्थानों से नो एंट्री के समय शहर की ओर प्रवेश नहीं कर करेंगे। इसमें एमजी रोड, एमजी रोड-दो, वाटरवर्क्स से यमुना किनारा मार्ग, पुरानी मंडी चौराहा, फतेहाबाद मार्ग पर क्लब चौराह से रमाडा कट, शाहदरा से नुनिहाई एवं एत्मादुद्दौल।
वन वे भी किए तय
- सेंट पीटर्स एवं सेंट पैट्रिक्स की तरफ से आने वाले वाहन पानी की टंकी तिराहे से खटीकपाड़ा, रघुनाथ टाकीज से हनुमान मंदिर तिराहा होकर सेंट जोंस चौराहे पर आएंगे।
- वाहन रूई की मंडी से भोगीपुरा की तरफ जा सकेंगे। इस मार्ग से वापस नहीं आ सकेंगे।
- तहसील तिराहे से रुई की मंडी की तरफ आटो, ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- नेहरू नगर से सुल्तानगंज चौराहे पर आने के लिये सर्विस रोड वन-वे की तरह प्रयोग होगा।
- सुल्तानगंज की पुलिया चौराहे से विजय नगर जाने के लिए बाएं घुमकर हास्टल के सामने वाले मार्ग से जाएंगे।
- विजय नगर स्थित फाउंड्री वाला रोड वन-वे के रूप में बाइपास आने के लिये प्रयुक्त होगा।
- रेलवे स्टेशन तिराहा व लोहामंडी के बीच का रास्ता वन-वे होगा, जो कि रेलवे स्टेशन तिराहे से लोहामंडी तिराहे की तरफ आता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।