ग्राहकों से बाजार गुलजार, धन की शुरू हुई बरसात
दीवाली को लेकर शहर के सभी प्रमुख बाजारों में छाई रौनक कपड़े कॉस्मेटिक गिफ्ट ज्वेलरी बर्तन शोरूम सभी पर दिख रही भीड़
आगरा, जागरण संवाददाता। बेशक लोग अपने घरों में 27 अक्टूबर को दीवाली मनाएंगे, लेकिन बाजारों में दुकानदारों की बीते कुछ दिनों से हर रोज दीवाली मन रही है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। हर रोज दुकानदारों पर धन वर्षा हो रही है।
दीवाली महोत्सव का आगाज हो गया है। अब पांच दिन ही बचे हुए हैं। लोग खरीदारी करने को घर से निकलना शुरू हो गए हैं। इससे शहर के लगभग सभी प्रमुख बाजार गुलजार हो गए हैं। बर्तन, कपड़े, कॉस्मेटिक, ज्वेलरी शोरूम सभी पर भीड़ दिखाई दे रही है। वैसे तो सुबह से ही भीड़ आना शुरू हो जाती है लेकिन शाम ढलते ही बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं होती। कामकाज वाले लोग अपनी डयूटी खत्म करने के बाद अपने परिवार के साथ यहां पहुंचना शुरू हो जाते हैं। लुहार गली में छाई रौनक
लुहार गली में महिलाओं की सर्वाधिक भीड़ दिखाई दे रही है। यहां वे कास्मेटिक से जुड़ा सामान लेने आ रही हैं। सुबह 11 बजे बाजार खुलते ही यहां रौनक छा जाती है। दुकानदार किस ग्राहक को सामान पहले दिखाएं वह भी परेशानी में पड़ जाते हैं। बाजार में रौनक को गली को फूलों से दुल्हन की तरह सजा भी दिया गया है। दीवाली पर ग्राहकों से जैसी उम्मीद थी वह पूरी हो रही है। भारी तादाद में ग्राहक आ रहे हैं। ग्राहकों की संख्या को देख हर रोज दीवाली मन रही है।
हर्ष गोयल, दुकानदार, लुहार गली राजामंडी में भी चहल-पहल बढ़ी
राजामंडी बाजार भी गुलजार है। यहां युवतियां भारी तादाद में सामान की खरीदारी करती दिख रहीं हैं। इसके पीछे एक कारण यहां पास में ही आगरा कॉलेज व सेंट जॉन्स कॉलेज हैं। बाजार रास्ते में ही पड़ने के कारण वे यहीं से खरीदारी को मूड़ बना लेती हैं। घर को आकर्षक लुक देने के लिए पर्दे भी खरीदे जा रहे हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी बिक्री सही हो रही है। दीवाली की जैसी रौनक बाजार में दिखने लगी है। युवतियां भारी तादाद में आ रही हैं। दोपहर से यहां खरीदारी को ग्राहक की भीड़ आ रही है।
सुमित, दुकानदार, राजामंडी
गिफ्ट की दुकानें भी महक रही
गिफ्ट की दुकानों पर भी भीड़ दिखाई दे रही है। दीवाली पर अपने मिलने-जुलने वालों को देने के लिए यहां से गिफ्ट लिए जा रहे हैं। कई मिठाई की दुकानों वालों ने भी गिफ्ट वाले आइटम रख लिए हैं जिससे उनकी बिक्री और भी ज्यादा बढ़ जाए। गिफ्ट की खरीदारी को भीड़ आ रही है। लोगों की डिमांड को देखते हुए कई आकर्षक गिफ्ट मंगाए गए हैं।
विनोद, कमला नगर ज्वेलरी शोरूम में छाई रौनक
ज्वेलरी शोरूम भी ग्राहकों की भीड़ से चहक उठे हैं। कोई सोने के लक्ष्मी गणेश जी बनवा रहे हैं तो कोई चांदी के ले रहे हैं। किनारी बाजार, सेब का बाजार, नमक की मंडी आदि बाजार में भी रौनक है। दीवाली के दस दिन बाद सहालग भी शुरू हो रहा है। इसलिए यहा भीड़ और भी ज्यादा दिख रही है। कई लोग आभूषण ले रहे हैं। हाल ही में इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से सर्राफा बाजार प्रभावित हुआ है लेकिन व्यापारियों के उत्साह में कमी नहीं है। दीवाली से पूर्व ग्राहकों की चहल-पहल है। कारोबारियों को धनतेरस का बेसब्री से इंतजार है। धनतेरस अवश्य धन की वर्षा करेगा।
राम कुमार गुप्ता, बुलियन कारोबारी संजय प्लेस में बिक्री को
झूलों का बिछाया जाल
संजय प्लेस में इलेक्ट्रॉॅनिक्स उपकरण की ज्यादा बिक्री होती है। लेकिन यहां दीवाली की रौनक नहीं छा पाई थी। यह देख व्यापार एसोसिएशन ने यहां दो बड़े झूले लगवा दिए हैं और इन झूलों का प्रचार भी किया ताकि बच्चों को लेकर परिवार के लोग वहां पहुंचे। उनको उम्मीद है कि बच्चों को झूला झुलाने आने वाले लोग दुकानों से खरीदारी भी करेंगे। वो अपने प्रयास में सफल भी हो रहे हैं। संजय प्लेस में पूरा बाजार मंदा है। यहां कोई रौनक नहीं थी। यहां व्यापार को उठाने के लिए झूले लगवा दिए गए हैं। इससे बाजार में ग्राहकों की कुछ चहल-पहल बढ़ गई है।
विनय मित्तल, कोषाध्यक्ष संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन