नवोदय विद्यालय में फंदे पर लटका मिला छात्रा का शव, हत्या का आरोप Agra News
कक्षा 11 की छात्रा। हाथ पर लिखा नाम और नंबर को जांच का आधार मान रही पुलिस। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।
आगरा, जेएनएन। मैनपुरी में नवोदय विद्यालय के हाॅस्टल में छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई है। छात्रा का नाम अनुष्का पांडेय है। वो कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजन छात्रा की मौत का जिम्मेदार स्कूल प्रशासन को बता रहे हैं। परिजनों ने छात्रा की हत्या कर शव लटकाने का आरोप स्कूल प्रशासन पर लगाया है।
आगरा रोड निवासी सुभाष चंद्र पांडेय की पुत्री अनुष्का पांडेय भोगांव स्थित नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थी। विद्यालय प्रशासन के अनुसार सोमवार सुबह अनुष्का पांडेय हॉस्टल में कमरे के बाहर बरामदे में फंदे पर लटकी मिली। विद्यालय कर्मी उसे उतार कर अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर छात्रा की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से विद्यालय में छात्रा को परेशान किया जा रहा था। यह बात उसने परिजनों को बताई थी। छात्रा के हाथ पर एक मोबाइल नंबर व नाम लिखा मिला है। जिसे बिगाड़ने की कोशिश की गई है। हाथ पर लिखे नंबर के जरिए घटना का राजफाश हो सकता है। विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत की घटना से हर कोई हैरान है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया है।