आगरा में सुबह सुबह खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र की घटना शव के पास मिली बाइक। गुरुवार की सुबह बहन के घर जाने की कहकर निकला था। स्वजन बता रहे हत्या पुलिस मान रही दुर्घटना। युवक की पहचान पवन पुत्र देशराज निवासी गांव महदऊ के रूप में हुई।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक गुरुवार की सुबह अपनी बहन के घर जाने की कहकर निकला था। मगर, वहां नहीं पहुंचा।ग्रामीणों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस का कहना है कि मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है।
घटना सुबह करीब पांच बजे की है। फतेहपुर सीकरी के गांव औलेंडा और नगला दधिराम के ग्रामीण खेत पर शौच के लिए गए थे। उन्होंने सड़क किनारे खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव के पास ही बाइक पड़ी हुई थी। युवक का शव खेत में मिलने का पता चला तो आसपास के दर्जनों ग्रामीण वहां जुट गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई। वह खेत में पेट के बल पड़ा हुआ था।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से युवक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। युवक की पहचान पवन पुत्र देशराज निवासी गांव महदऊ के रूप में हुई। पुलिस के सूचना देने पर युवक के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि पवन नागपुर में एक कंपनी में काम करता था। वह तीन सप्ताह पहले गांव आया था।
पवन गुरुवार की सुबह अपनी बहन के घर जाने की कहकर बाइक से निकला था। बहन फतेहपुर सीकरी के ही गांव मगौली में रहती है।पवन का मोबाइल आदि सामान उसके पास मिला है। स्वजन ने उसकी हत्या करके शव को खेत में फेंकने की आशंका जताई। सीओ अछनेरा राजीव सिराेही ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया दुर्घटना का प्रतीत होता है।