सीढिय़ों के दरवाजे में लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या में उलझी गुत्थी
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शरीर पर थे चोट के निशान। भाई ने दी खुदकशी की तहरीर, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
आगरा, जेएनएन: मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी निवासी सोनू कश्यप (20) का शव चौथी मंजिल की छत पर सीढिय़ों के दरवाजे में लटका मिला। शरीर पर चोट के निशान थे।
मृतक सोनू कश्यप के पिता अवधेश की मृत्यु दो साल पहले हो गई थी। सोनू छह भाइयों में दूसरे नंबर का है। बड़ा भाई अपनी पत्नी के साथ अलग रहता है। सोनू अविवाहित था। मजदूरी कर अपने भाईयों व मां का भरण पोषण करते था। गुरुवार शाम सात बजे तक अपने छोटे भाईयों के साथ घर में बैठकर लूडो खेलता रहा। तभी एक युवती ने फोन कर सोनू को अपने पास बुलाया। रात के 10 बजे सोनू वापस लौटा। उसका परिवार चौथी मंजिल पर रहता है। परिजनों ने देर से आने का कारण पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया। सोने के लिए छत पर जाने लगा। परिजनों ने सर्दी के चलते नीचे सोने को कहा लेकिन, अनसुना कर दिया।
परिजन सुबह जागे तो छत की सीढिय़ों के दरवाजे पर सोनू का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया लेकिन उसके भाई सनी ने खुदकशी की तहरीर दी है। घटना को लेकर परिजन कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। कोतवाली के इंस्पेक्टर कानून व्यवस्था विनोद कुमार ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई होगी।