शादी समारोह में सपना चौधरी के साथ लगाए ठुमके, वीडियो वायरल
बिना अनुमति के ताजगंज क्षेत्र के एक मैरिज होम में रात में हुआ कार्यक्रम पुलिस ने मैरिज होम संचालक को नोटिस देकर आयोजन की मांगी जानकारी
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज क्षेत्र के एक मैरिज होम में गुरुवार रात को शादी समारोह में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी को बुलाया गया था। यहां सपना चौधरी के साथ बरातियों और घरातियों ने हरियाणवी गानों पर डांस किया। इंटरनेट मीडिया पर शुक्रवार को इसका वीडियो वायरल हो गया। यह भी दावा किया गया कि आयोजन में कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन हुआ है। इस मामले में पुलिस ने मैरिज होम संचालक को नोटिस दिया है।
वायरल वीडियो ताजगंज क्षेत्र के केएनसीसी मैरिज होम का बताया जा रहा है। इसमें सपना चौधरी डांस फ्लोर पर ठुमके लगाते दिख रही हैं। आसपास महिलाओं और युवकों की भीड़ है। सभी डांस कर रहे हैं। इनमें से केवल एक-दो लोग मास्क लगाए हुए दिख रहे हैं। अन्य कोई न तो मास्क लगाए है और न ही शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जानकारी जुटाने में लग गई। इंस्पेक्टर ताजगंज भूपेंद्र कुमार बालियान का कहना है कि हरियाणवी डांस सपना चौधरी के मैरिज होम में कार्यक्रम की कोई अनुमति प्रशासन से नहीं ली गई थी। वायरल वीडियो के आधार पर मैरिज होम की जानकारी मिली है। इस मामले में केएनसीसी मैरिज होम के संचालक को नोटिस दिया गया है। उनसे पूछा गया है कि आयोजक कौन थे। इसमें कितने लोग शामिल हुए थे और सपना चौधरी को किसने बुलाया था। आयोजन में कोविड प्रोटोकाल के अनुसार क्या इंतजाम किए गए थे। नोटिस का जवाब मिलने के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जांच कराई जा रही है।