तेज बारिश से खेतों में बिछी बाजरा और धान की फसल
सरसों और आलू की बोवाई होगी प्रभावित बारिश देख परेशान हो उठे किसान
जागरण टीम, आगरा। देहात अंचल में रविवार को कहीं झमाझम तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे किसानों की पेशानी पर बल पड़ गए। खेतों में तैयार खड़ी बाजरा और धान की फसल को काफी नुकसान की आशंका है। कई जगह फसल खेतों में ही लोट गई है। सरसों व आलू की बोवाई भी प्रभावित होगी।
बाह: किसान राम सिंह, हरिविलास, श्रीकृष्ण, शिवदास, राधा किशन, रामकेस आदि ने बताया कि खेतों में फसल पककर तैयार खड़ी है। रविवार को हुई बारिश से बाजरा में फफूंदी लगने की आशंका है। इसका दाना काला पड़ सकता है। पशुओं के चारे की भी समस्या होगी, खेतों में पड़ी करब सड़क जाएगी। सरसों और आलू की बोवाई लेट होगी।
फतेहपुर सीकरी: तेज हवा और झमाझम बारिश से खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल लोट गई। जहां सरसों की बोवाई हो चुकी है। उन किसानों को काफी नुकसान होगा। ब्लाक क्षेत्र के गांव हंसपुरा, मई बुजुर्ग, देवनारी, नगला जानू समेत कई गांवों में धान की फसल को प्रभाव पड़ा है। किसान महेंद्र सिंह, घनश्याम, सुनील पाराशर, चौधरी बलवीर सिंह, रवि सिंह राजपूत ने क्षति का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
बरहन: क्षेत्र में एक घंटे जोरदार बारिश हुई। इससे बरहन, नगला अड़ू, मोसनाबाद, खाडा, ग्राम नगला महा सिंह में कटी पड़ी धान की फसल बर्बाद हो गई। किसान गिर्राज शर्मा, मनोज राजावत, कैलाश ठाकुर, उदयवीर सिंह कुशवाह, नरोत्तम सिंह, गुड्डू त्यागी, अनिल धाकरे ने मुआवजे की माग की है।
खेरागढ़: क्षेत्र में 40 फीसद किसान सरसों की बोवाई कर चुके हैं। रविवार को हुई बारिश से सरसों के उत्पादन पर काफी प्रभाव पड़ेगा। किसानों को पुन: सरसों की बोवाई करनी पड़ेगी। वहीं आलू और गेहूं के लिए परेवट कर रहे किसानों को बारिश से फायदा होगा।
फतेहाबाद: बारिश से खेतों में कटी पड़ी बाजरे की फसल के सड़ने की संभावना बढ़ गई हैं। फतेहाबाद क्षेत्र में 65 फीसद सरसों की बोवाई हो चुकी है। सरसों और आलू की बोवाई पिछड़ जाएगी।
पिनाहट: रविवार को हुई तेज बारिश से किसान परेशान हो गए। खेतों में तैयार खड़ी बाजरे की फसल को काफी नुकसान हुआ है। उनकी फसल खेतों में ही लोट गई है। बाली का दाना खेतों में ही बिखर गया है। बिजली गिरने से मकान में आई दरार, उपकरण खराब
जागरण टीम, आगरा। तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से दोमंजिला मकान में दरार पड़ गई। विकास खंड बिचपुरी के गांव अरतौनी स्थित सैनिक सिटी कालोनी निवासी रामपाल सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे तेज बारिश के दौरान उनके दो मंजिला मकान पर बिजली गिरी। इससे मकान में दरार पड़ गई। परिवार की महिला रेखा देवी बेहोश हो गई। उनके घर में रखे इन्वर्टर समेत अन्य विद्युत उपकरण खराब हो गए। ग्राम प्रधान के पति पुष्पेंद्र सिंह और टीकम सिंह ने बताया कि गृहस्वामी का काफी नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।