क्रिकेटर प्रवीन कुमार ने दिए टिप्स, IPL के सपने देखने के बजाय घरेलू क्रिकेट पर फोकस करें खिलाड़ी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीन कुमार ने खिलाड़ियों को आइपीएल के बजाय घरेलू क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने अनुशासन, धैर्य और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रदर्शन ही आगे बढ़ने का रास्ता है।

सेंट पीटर्स में बच्चों को संबोधित करते क्रिकेटर प्रवीन कुमार।
HighLights
अनुशासन, धैर्य और कड़ी मेहनत सफलता के लिए आवश्यक।
खेल के साथ शिक्षा भी महत्वपूर्ण, भविष्य सुरक्षित करें।
जागरण संवाददाता, आगरा। खिलाड़ियों को शुरुआत से ही आइपीएल और भारतीय टीम में जगह बनाने के सपने देखने के बजाय अपने खेल को निखारने पर ध्यान देना चाहिए। शहर, राज्य, रणजी ट्राॅफी और सैयद मुश्ताक अली ट्राॅफी जैसी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन ही आगे बढ़ने का रास्ता बनाता है। इसके लिए अनुशासन, धैर्य और लगातार मेहनत जरूरी है।
यह बात पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की पुरुष टीम के प्रमुख चयनकर्ता प्रवीन कुमार ने शनिवार को वजीरपुरा स्थित सेंट पीटर्स काॅलेज में मीडिया से कहीं। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि खेल में उम्र नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है।
खिलाड़ी 12 साल का हो या 40 साल का, यदि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो उसे जिम्मेदारी देने में कोई बुराई नहीं है। आज कम उम्र के खिलाड़ी सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटाई है। इससे सीनियर खिलाड़ियों के सामने भी चुनौती बढ़ी है। अब वही खिलाड़ी टिक पाएगा, जो लगातार मेहनत करेगा।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलने के अनुभव साझा करते हुए प्रवीन कुमार ने कहा कि उनकी कप्तानी में खेलना सौभाग्य की बात थी। धोनी अच्छे व्यक्ति हैं। युवाओं को उनसे अनुशासन, धैर्य और संयम सीखना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई को खेल जितना ही जरूरी बताते हुए कहा कि उन्होंने कई ऐसे खिलाड़ियों को देखा है।
जो रणजी ट्राफी खेल चुके हैं, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं होने के कारण आजीविका चलाने के लिए दुकानों पर काम कर रहे हैं या वाहन चला रहे हैं। इसलिए खेल के साथ शिक्षा पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए।
मोबाइल फोन से दूरी बनाएं खिलाड़ी व बच्चे
बच्चों और युवा खिलाड़ियों को सीख देते हुए उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन से दूरी बनाएं और अपने काम खुद करने की आदत डालें। खिलाड़ी को सुबह खुद उठना चाहिए, न कि माता-पिता के जगाने का इंतजार करना चाहिए। बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी लेना चाहिए।
आजकल बच्चे निबंध लिखने जैसे कामों में भी एआइ का सहारा ले रहे हैं। तकनीक का सीमित और सही इस्तेमाल होना चाहिए। माता-पिता और शिक्षकों को भी बच्चों पर ध्यान देना चाहिए। मोबाइल देखते हुए खाना खाने की आदत भी छुड़ानी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।