CoronaVirus: अब आगरा मंडल के दूसरेे जिलेे में भी दस्तक, तीन जमातियों में मिले लक्षण
अब तक आगरा में 48 और फीरोजाबाद में 4 लोगों में हो चुकी है कोरोना वायरस की पुष्टि।
मैनपुरी, जेएनएन। आगरा मंडल में आगरा और फीरोजाबाद के बाद अब कोरोना वायरस के संक्रमण ने मैनपुरी में दस्तक दे दी हैं। बीते 31 मार्च को घिरोर की मस्जिद ए बिलाल में मिले 10 जमातियों में से तीन की प्राइमरी जांच में वायरस के लक्षण मिले हैं। जिसके बाद उनका सेकंड लेवल का टेस्ट कराने की तैयारी हो रही है। शामली के गढ़ी पुख्ता के रहने वाले 10 जमाती बीते पांच मार्च को मैनपुरी आए थे और करहल कस्बे की बड़ा बाजार मस्जिद में रुके थे। वहां से 16 मार्च को वह घिरोर पहुंच गए। बीते 31 मार्च को किसी व्यक्ति द्वारा सूचना देने पर अधिकारियों के साथ गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी की जांच की थी। तब किसी के संदिग्ध न मिलने पर उनको वहीं आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। इसके बाद सभी को भोगांव के जवाहर नवोदय विद्यालय में बने क्वारंटीन हाउस में रखा गया था। दो दिन पूर्व इन दसों जमातियों के सैंपल जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तीन जमातियों की रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आई है। संक्रमण की पुष्टि के लिए अब सेकंड लेवल का टेस्ट कराया जा रहा है। वहीं जमातियों के संपर्क में आए सभी लोगों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है।
घिरोर की सीमाएं सील, करहल में नौ परिवारों के 65 लोग कवारंटीन
घिरोर की मस्जिद में ठहरने तीन जमातियों में कोरोना के लक्षण सामने आए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में है। रिपोर्ट आने के बाद अधिकारियों की टीम घिरोर पहुंच गई। अधिकारियों ने जमात के संपर्क में आए लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई। एहतियात के तौर पर कस्बे को सील कर दिया गया है। शाम को सीमाओं पर पुलिस तैनात कर दी गई। वहीं घिरोर में आने से पहले जमाती करहल भी गए थे। ऐसे में उनके संपर्क में आए नौ परिवारों के 65 लोगों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
पड़ोसी जिले फीरोजाबाद में मिल चुके हैं चार संक्रमित
दिल्ली में निजामुद्दीन मरकज से लौटे फीरोजाबाद के चार जमातियों में चार अप्रैल को कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। कुल सात जमातियों की जांच हुई थी, जिनमें से चार जमाती कोरोना वायरस से संक्रमिति पाए गए। चारों को फीरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के आइसोशलेश में भर्ती किया गया। चारों जमाती जिन तीन मस्जिदों में गए थे उन्हें सील करके सेनेटाइज किया गया।
आगरा में फूटा है कोरोना बम
सिर्फ आगरा की बात करें तो शहर में अब तक 48 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें से आठ अब स्वस्थ हैं। बाकि को आइसोलेशन में रखा गया है। आगरा में कोरोना बम विस्फोट होने की स्थिति चार अप्रैल को बनी थी जब एक साथ 31 जमातियों और उनके संपर्क वालोंं में कोराेना वायरस की पुष्टि हुई। आगरा में रविवार को भी तीन लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी।