CoronaVirus: दिल्ली से लौटे संक्रमित जमाती कहां रहे, किससे किया संपर्क, जानिए सबकुछ इस खबर में
संक्रमित जमाती आजमपाड़ा मस्जिद और मंटोला की रंगरेजान मस्जिद में रहे थे। एक जयपुर का संक्रमित जमाती भी इनमें था शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। ये खबर आपको डराने के लिए नहीं बल्कि जगाने के लिए है। खतरे की घंटी तो शहर में पहला कोरोना पॉजीटिव का केस सामने आने पर ही बज गई थी। अब तो खतरे का सायरन बजा है। शुक्रवार तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22 हो चुकी है। इसमें से सात वो जमाती हैं जो निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज से भाग लेकर आगरा पहुंचे। इन लोगों ने आगरा आने के बाद अन्य लोगों को संक्रमित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। खुद तो संक्रमण को झेल ही रहे हैं और अब खतरा बढ़ा गया है उन लोगों के लिए जिनके संपर्क में ये जमाती आए थे। दिल्ली से आगरा आने के बाद संक्रमित पाए गए कुल जमातियों में से 6 आगरा के जमाती और एक राजस्थान का कोराना संक्रमित जमाती शहर के दो मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में स्थित मस्जिदों में रहे थे। यहां रहने के दौरान ये लोग आसपास की बस्तियों के लोगों से संपर्क में भी आए थे। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उन मस्जिदों और बस्तियों में जाकर इनके संकर्प में आने वाले लोगों की तलाश कर रही है।
शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाके आजमपाड़ा की मस्जिद में दो और पांच जमाती मंटोला की रंंगरेजान मस्जिद में रहे थे। सभी निजामुद्दीन तब्लीगी जमात से आकर सीधे इन्हीं मस्जिदों में रह रहे थे। मस्जिदों में रहने के अलावा इन लोगों ने आसपास की बस्तियों में जाकर लोगों से सम्पर्क किया था। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मस्जिदों के मौलानाओं से संपर्क करने की तैयारी कर रही है।
बता दें कि निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज से भाग लेकर आगरा पहुंचे जमातियों में सात कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से छह की रिपोर्ट शुक्रवार सुबह आगरा प्रशासन को मिली थी और सातवें की पुष्टि दोपहर में हुई है। इसके अलावा एक और संक्रमित की पुष्टि हुई है। जीवनी मंडी क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी का युवक है जो हाल ही में दुबई से लौटा था। अब आगरा से संबंधित कोरोना के केस 22 हो गए हैं। इसके बाद कोरोना को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। संक्रमण के लक्षण देखते हुए 28 जमातियों को अन्य जमातियों से प्रशासन ने पहले ही पृथक कर दिया था।
बुधवार रात को जो टेस्ट आगरा में हुए थे। उनमें से गुरुवार रात आई रिपोर्ट में 13 को होल्ड पर रखा गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह प्रशासन को जो रिपोर्ट मिली। उसमें छह जमाती संक्रमित पाए गए। वहीं दोपहर में एक और जमाती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अभी एक और संदिग्ध की रिपोर्ट को होल्ड पर रखा गया है। प्रशासन ने तब्लीगी जमात से सीधे तौर पर जुड़े 28 लोगों की जांच के लिए सैम्पल लिए थे। इन्हीं में सात पॉजीटिव पाए गए हैं। आगरा में इस समय जमातियों की संख्या 112 है। सभी को क्वारंटीन किया गया है। 28 जमातियों को मधु रिसॉर्ट में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर से अलग ले जाकर नेशनल हाईवे पर स्थित एक अलग क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। वहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है। अन्य जमातियों के सैंपल गुरुवार को जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आएगी। आगरा में सात जमातियों के पॉजीटिव पाए जाने के बाद हडकंप मचा हुआ है।