ऐसे कैसे कंट्रोल होगा काेरोना वायरस संक्रमण, आगरा के सरकारी कार्यालयों का है जब ये हाल
तहसील सदर में कोविड-19 प्रोटोकाल का नहीं हो रहा पालन। अफसरों की नाक के नीचे बिना मास्क के घूमते हैं लोग। एक माह से परिसर को नहीं कराया गया है सैनिटाइज। आगरा विकास प्राधिकरण में भी कई कर्मचारी हो चुके हैं कोरोना वायरस से संक्रमित।
आगरा, जागरण संवाददाता। स्थान का नाम: तहसील सदर। गुरुवार सुबह 11 बजे। मुख्य द्वार के समीप बिना मास्क के खड़े लोग। दो फीट की दूरी का पालन भी नहीं कर रहे थे। तभी प्रशासनिक अफसरों की गाडिय़ां गुजरीं लेकिन बिना मास्क के घूम रहे लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार को कुछ ऐसा ही नजारा तहसील सदर का था। जहां कोविड-19 प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। भले ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही हो लेकिन तहसील सदर में एक माह से सैनिटाइजेशन नहीं कराया गया है। न ही अफसरों द्वारा इस पर ध्यान दिया जा रहा है। कोविड काल में ऐसी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
दो हजार के आसपास पहुंचते हैं लोग
तहसील सदर में पांच उप निबंधक कार्यालय भी हैं। बैनामा सहित अन्य कार्यों के लिए हर दिन दो हजार के आसपास लोग पहुंचते हैं।
- तहसील सदर परिसर में लोग बिना मास्क के घूमते रहते हैं। प्रशासन को ऐसे लोगों का चालान करना चाहिए।
रवि चौबे, अधिवक्ता तहसील सदर
- तहसील सदर में दो फीट की दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की जा चुकी है।
शिव बिहारी, शाहगंज
- तहसील सदर परिसर को लंबे समय से सैनिटाइज नहीं कराया गया है। न ही गेट पर सैनिटाइजेशन की कोई व्यवस्था है।
किशन लाल, पंचकुइयां रोड