CoronaVirus: यमुना एक्सप्रेस वे और नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद
कानपुर हाईवे पर टूंडला में रोकी गई गाडिय़ां। बार्डर पर तैनात है फोर्स। मथुरा में महुअन टोल पर डाला बैरियर। यमुना एक्सप्रेस वे को बाद में खोला।
आगरा, जेएनएन। आगरा को लॉक डाउन किए जाने के बाद अब मथुरा और फीरोजाबाद से सड़क संपर्क भी खत्म कर दिया गया है। प्राइवेट वाहन भी नहीं गुजर सकते। मथुरा में महुअन टोल प्लाजा पर बैरियर डाला गया है, वहीं फीरोजाबाद में टूंडला पर। अब आगरा का दिल्ली हाईवे और कानपुर हाईवे से संपर्क ब्रेक कर दिया गया है। जबकि इन दोनों ही शहरों से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना जाना होता है। जो जहां है, वो वहीं फंसकर रह गया है। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी है।
आगरा और अलीगढ़ लॉक डाउन का असर सोमवार की सुबह देखने को मिला। आगरा के बार्डर पर तैनात फोर्स ने जाने वाले वाहनों को रोक दिया। किसी तरह से रास्ते बदलकर जो लोग पहुंचे, उन्हें कुबेरपुर से लौटाया गया। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि आगरा और अलीगढ़ की तरफ न जाएं। 25 मार्च तक आगरा लॉकडाउन को लेकर टूंडला में एफएच मेडिकल कॉलेज के बाहर फीरोजाबाद पुलिस ने बैरियर लगा रखा था। फीरोजाबाद की तरफ से जाने वाले वाहनों को पुलिस ने लौटाना शुरू कर दिया। निकलने को लेकर लोगों ने तरह-तरह के तर्क दिए। इसके चलते वाहनों की लंबी -लंबी लाइन लग गई। कई वाहन स्वामियों ने बिहारीपुर फाटक पर होकर निकलने का प्रयास किया, लेकिन फाटक भी बंद करा दिया गया था। जिसके चलते वाहन स्वामी बीच में ही फंस गए। काफी मिन्नतों के बाद भी वाहनों को आगे नहीं जाने दिया गया। वहीं जो लोग किसी तरह निकलने में कामयाब हुए, उन्हें एत्मादपुर और कुबेरपुर पर चेकिंग से लौटाया गया।
यमुना एक्सप्रेस वे व मथुरा हाईवे पर लगाया पुलिस ने बैरियर
कोरोना वायरस को लेकर यमुना एक्सप्रेस वे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जो लोग एक्सप्रेस वे हैं उन्हें पैदल ही निकलने दिया जा रहा है। वाहनों को एक्सप्रेस वे से गुजरने नहीं दिया जा रहा। उधर, आगरा-दिल्ली हाईवे पर भी पुलिस ने महुअन टोल के पास बैरियर लगाकर वाहन रोके, केवल उन्हें ही गुजारा गया, जिन्हें बहुत आवश्यक कार्य से जाना था। यमुना एक्सप्रेस वे पर गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा व आगरा की सीमा आती है। सरकार ने मथुरा छोड़ कर बाकी तीन जिलों को लॉकडाउन कर रखा है। सोमवार को दोपहर बाद पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस वे के रास्तों को सील कर दिया था। खंदौली और जेवर टोल प्लाजा के अलावा मथुरा में राया इंटरचेंज, वृंदावन कट, बाजना कट व मांट टोल पर भी बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जा रहा था। केवल आपात स्थिति के वाहनों को गुजरने दिया गया। करीब दो घंटे तक बंद करने के बाद सोमवार शाम को यमुना एक्सप्रेस वे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया। मांट टोल ऑपरेशन मैनेजर सैय्यद रफी अहमद रिजवी ने बताया कि पुलिस ने एक्सप्रेस वे के रास्तों पर बैरियर लगा दिया। सोमवार शाम को खोलने के आदेश मिलने पर एक्सप्रेस वे पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। लेकिन अब मंगलवार को एक्सप्रेस वे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सोमवार शाम करीब चार बजे आगरा- दिल्ली हाईवे पर महुअन टोल के पास स्थानीय पुलिस ने बैरियर लगा दिया। इस राजमार्ग पर वाहनों की अधिकता थी, ऐसे में पहले वाहनों का आवागमन यहां रोक दिया गया। करीब दो घंटे बाद चेकिंग कर उन वाहनों को गुजरने दिया गया, जिन्हें बहुत जरूरी जाना था। एसपी सिटी ने बताया कि केवल गैर जरूरी वाहनों को रोका जा रहा है। बाहर से आने वाले वाहनों को रोका गया, उन्हें समझाकर रवाना किया गया।