सपा के इस गढ़ में 15 को आएंगे योगी, शुक्रवार को डिप्टी सीएम की जनसभा
मैनपुरी के शहर के क्रिश्चियन मैदान में होगी जनसभा तैयारियों में जुटी भाजपा। शुक्रवार को डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा किशनी में करेंगे जनसभा।
आगरा, जेएनएन। मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुकाबला कर रही भाजपा ने अब अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सूबे के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा किशनी में जनसभा कर पार्टी के लिए समर्थन मांगेंगे। इसके बाद 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। उनकी जनसभा शहर स्थित क्रिश्चियन मैदान में होगी।
भाजपा के चुनाव प्रचार में यहां अब तक स्टार प्रचारक की आमद शुरू नहीं हुई है। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा को पहले बीते सप्ताह जनसभा के लिए आना था। परंतु ऐन वक्त पर उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब किशनी कस्बे में दोपहर दो बजे से उनकी जनसभा होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भी तय हो गया है। योगी 15 अप्रैल को दोपहर दो बजे करीब मैनपुरी पहुंचेंगे। यहां क्रिश्चियन मैदान के उनकी जनसभा के लिए चुना गया है। गुरुवार को उनका कार्यक्रम तय होते ही पार्टी इसकी तैयारी में जुट गई है। सभा में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने के लिए जिम्मेदारियां बांट दी गई है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सौरभ दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री की सभा में ऐतिहासिक भीड़ उमड़ेगी। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य नेताओं के कार्यक्रम भी मांगे गए हैं।